Skip to main content

इटली की संसद में मसला उठा, श्रम मंत्री ने माना-बर्बर कृत्य, जांच कर रहे

  • भारतीय खेत मजदूर सतनामसिंह का इटली के खेत में घास काटते वक्त हाथ कटा
  • मालिक ने इलाज करवाने की बजाय घर के बाहर लेजाकर सड़क पर पटक दिया
  • इटली की सबसे पुरानी, बड़ी ट्रेड यूनियन सीजीआईएल ने खेत मालिक पर कार्रवाई की मांग उठाई
  • संसद में श्रममंत्री बोले, जांच कर रहे

आरएनई, नेटवर्क।

एक भारतीय खेत मजदूर की इटली के खेत में काम करते हुए दर्दनाक मौत होने का मामला सामने आया है। बात महज मौत तक नहीं है वरन उसके साथ हुए अमानवीय व्यवहार की पूरे इटली में निंदा हो रही है। वहां की संसद में मसला उठने के बाद श्रममंत्री ने माना कि भारतीय मजदूर के साथ हुआ व्यवहार ‘बर्बर कृत्य था’, इसकी जांच कर रहे हैं और जो जिम्मेदार है उन्हें दंडित किया जाएगा।

मामला क्या है :
इटली के लैटिना में एक खेत में घास काटते वक्त भारतीय मजदूर सतनामसिंह का हाथ कट गया। आरोप है कि खेत के मालिक ने उसकी मदद करने, हॉस्पिटल ले जाने की बजाय उसे उस जगह सड़क पर रखवा दिया जहां वह रहता था। ऐसे में हालत बिगड़ती गई और उसकी मौत हो गई।

संसद में मामला उठा :
घटना इतनी दर्दनाक और अमानवीय थी कि इसकी जानकारी मिलने के बाद मामला संसद में उठा। संसद में श्रममंत्री मरीना काल्डेरोन ने माना कि लैटिना के ग्रामीण इलाके में गंभीर दुर्घटना के शिकार हुए भारतीय श्रमिक की मौत हो गई। यह बर्बर कृत्य था। अधिकारी जांच कर रहे हैं। जो जिम्मेदार हैं उन्हें दंड मिलेगा।

ट्रेड यूनियन ने कहा, यह डरावनी फिल्म जैसा :
ट्रेड यूनियन Flai CGIL के अनुसार, सतनाम सिंह बिना कानूनी कागजात के काम कर रहे थे। जब वह घास काट रहे थे, तभी एक मशीन से उनका हाथ कट गया। मालिक ने मदद करने की बजाय उन्हें उनके घर के पास कूड़े के थैले की तरह फेंक दिया। ट्रेड यूनियन ने इस घटना की तुलना एक “डरावनी फिल्म” से की।

वामदलों ने कड़ी निंदा की :
इटली की सेंट्रल लेफ्ट डेमोक्रेटिक पार्टी के साथ हुए व्यवहार की निंदा करते हुए इसे “सभ्यता की हार” बताया। एक्स पर कहा गया, “गैंगमास्टरों के खिलाफ लड़ाई और सम्मानजनक और मानवीय जीवन और कामकाजी परिस्थितियों के लिए लड़ाई हमारी प्राथमिकता बनी रहनी चाहिए। ”

पुलिस ने कहा एम्बुलेंस भेजी थी :
पुलिस ने कहा कि सिंह की पत्नी और दोस्तों ने बुलाया था और एक एयर एम्बुलेंस भेजी गई थी। लैटिना में एक पुलिस प्रवक्ता ने एएफपी को बताया, “उन्हें रोम के एक अस्पताल में ले जाया गया लेकिन (आज) दोपहर (बुधवार) को उनकी मृत्यु हो गई।

हजारों भारतीय बगैर कागजात रह रहे :
दुनिया के कई अन्य देशों की तरह इटली में भी हजारों भारतीय बगैर उचित दस्तावेजों के निवास और काम कर रहे हैं। इन्हीं में एक मृतक सतनाम सिंह भी था। एक जानकारी के मुताबिक वर्ष 2023 में इटली में 1.67 लाख से ज्यादा भारतीय है। भारत ने इटली से एक माइग्रेशन समझौता भी किया है। इस समझौते के मुताबिक हर साल 20 हजार श्रमिक वैधानिक तौर पर इटली जा सकेंगे।