Skip to main content

मौसम : कल की बारिश से सुबह सुहावनी, बादलों का डेरा, आज भी बारिश के आसार

  •  दोपहर बाद आंधी, बारिश की संभावना
  •  रात ठंडी हुई तो राहत मिली

आरएनई, बीकानेर

कल शाम से हुई झमाझम बारिश के कारण बीकानेर में शनिवार की सुबह बहुत सुहावनी थी। ठंडा मौसम व आकाश में बादल, मन को लुभाने वाला था। हल्की उमस इस बात का अहसास करा रही थी कि मानसून आज भी बीकानेर पर मेहरबान रहेगा। बारिश के बाद शुक्रवार की रात बहुत ठंडी हो गई, जिससे लोगों को बहुत राहत मिली। मौसम सुहावना होने के कारण आज लोग अधिक संख्या में मॉर्निंग वॉक के लिए निकले।

पूरे राज्य में जबरदस्त बारिश

राज्य में मानसून अभी पूरे यौवन पर है। हर जिले में बरसात हो रही है। कल प्रदेश के अनेक जिलों में भारी बारिश हुई। अगले 24 घन्टे में पूर्वी राजस्थान के अनेक हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश होगी। मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ लाइन बीकानेर, सीकर से होकर गुजर रही है। लगभग सभी संभागों में आज भी मौसम विज्ञान केंद्र ने भारी बारिश के आसार बताये हैं।

सीएस ने की समीक्षा, कलेक्टरों को निर्देश

मुख्य सचिव सुधांशु पंत ने आम जन को बारिश से कोई समस्या न हो, इसके निर्देश सभी जिला कलेक्टरों को दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सभी कलेक्टर व निकाय 24 घन्टे अलर्ट पर रहें। अधिकारियों को लगातार निरीक्षण के निर्देश भी दिए गए हैं।

इस सप्ताह बीकानेर में मानसून

मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार बीकानेर में इस सप्ताह मानसून का असर निरंतर बना रहेगा। शनिवार को दोपहर बाद आंधी के साथ फिर बरसात की संभावना है। पहले हल्की बारिश होगी, इसके बाद मध्यम से तेज हो सकती है। हालांकि 7 से 10 जुलाई तक बारिश का दौर कमजोर पड़ जायेगा। तीसरे व चौथे सप्ताह में बारिश का दौर फिर होगा, मानसून मेहरबान रहेगा।

रात का पारा गिरा

कल बीकानेर में रात ठंडी थी क्योंकि बरसात के कारण न्यूनतम तापमान पूरी तरह गिरकर 28 डिग्री पर आ गया। कल अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री रहा। आज धूप भी निकलेगी, बादल छायेंगे।