अमित शाह पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल नेता चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त, 09 को नए सीएम की शपथ
May 5, 2026, 16:08 IST
RNE Kolkata- New Delhi.
भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए वरिष्ठ पार्टी नेता और केंद्रीय मंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी को राज्य में केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
वहीं, असम में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को केंद्रीय पर्यवेक्षक और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। इन नामों को भाजपा संसदीय पर्यवेक्षक बोर्ड ने मंजूरी दी है।
बंगाल में 9 मई को नए मुख्यमंत्री की शपथ :
बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा है कि पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को होगा। उन्होंने कहा कि यह दिन खास इसलिए भी है क्योंकि इसी तारीख को रवीन्द्रनाथ ठाकुर का जन्मदिन होता है। उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
समिक भट्टाचार्य ने कहा- भाजपा के कार्यकर्ताओं का सपना साकार हो रहा है। आज हमारी सरकार बनकर रहेगी। स्वतंत्रता के बाद ऐसा चुनाव किसी बंगाली ने नहीं देखा है। शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव हो गए हैं। महाजंगलराज समाप्त होकर रहेगा।

