कांग्रेस में प्रत्याशी चयन से पहले जमीनी सर्वे करेंगे पर्यवेक्षक, कार्यकर्ताओं की राय और जनसमर्थन के आधार पर सौंपेंगे रिपोर्ट
Rudra News Express Bikaner.
पंचायतीराज चुनाव 2026 को लेकर बीकानेर देहात कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के लिए पार्टी ने जिले के सभी 41 जिला परिषद वार्डों में पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए हैं। इन पर्यवेक्षकों को संबंधित क्षेत्रों में कांग्रेस के टिकट के लिए आवेदन करने वाले संभावित उम्मीदवारों का जमीनी सर्वे करने और प्रत्याशी चयन के लिए रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। यह कदम कांग्रेस द्वारा हाल में नगरीय निकाय चुनावों के दौरान भी अपनाई गई पर्यवेक्षक आधारित प्रत्याशी चयन प्रक्रिया के अनुरूप है।

पर्यवेक्षक क्षेत्र में कांग्रेस संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं के बीच संभावित उम्मीदवार की पकड़, आमजन में उसकी स्वीकार्यता और जनसमर्थन सहित चुनावी स्थिति का आकलन करेंगे। इसके बाद मजबूत दावेदारों को लेकर अपनी रिपोर्ट जिला कांग्रेस कमेटी देहात को सौंपेंगे। पार्टी का कहना है कि प्रत्याशी चयन में जमीनी सर्वे और कार्यकर्ताओं की राय को महत्वपूर्ण आधार बनाया जाएगा।
प्रत्याशी चयन में सर्वे की रिपोर्ट होगी अहम :
नवनियुक्त पर्यवेक्षकों से कहा गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में संभावित उम्मीदवारों की जमीनी स्थिति का आकलन करें। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद, आमजन के बीच पकड़, जनसमर्थन और चुनावी स्थिति जैसे पहलुओं को शामिल किया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर जिला कांग्रेस कमेटी आगे प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया बढ़ाएगी।

