Movie prime

Shankaracharya Avimukteshwaranand Case  में बड़ा यू-टर्न: आशुतोष ने कहा- मुझसे झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया', निशाने पर रामचंद्र दास
 

 

RNE New Delhi. 

ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ यौन शोषण के आरोप लगाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी ने अपने ही आरोपों को लेकर बड़ा यू-टर्न लेते हुए सनसनीखेज खुलासा किया है। आशुतोष ने दावा किया है कि शंकराचार्य के खिलाफ दर्ज कराया गया मुकदमा झूठा था और यह उन्होंने रामभद्राचार्य के शिष्य रामचंद्र दास के दबाव में दर्ज कराया था। उनके इस बयान ने संत समाज और धार्मिक जगत में नई बहस छेड़ दी है।

आशुतोष ब्रह्मचारी ने एक वीडियो संदेश जारी कर आरोप लगाया कि उनके गुरुभाई रामचंद्र दास ने न केवल शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को बदनाम करने की साजिश रची, बल्कि उन्हें गुमराह कर मुकदमा दर्ज कराने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम में कई प्रभावशाली लोगों और अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

आशुतोष ने दावा किया कि उन्होंने इस संबंध में मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को शिकायत भेजी है। शिकायत में रामचंद्र दास पर फर्जी वसीयत तैयार करवाकर देवा बाबा आश्रम की संपत्ति पर कब्जा करने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले को अदालत में भी ले जाया जाएगा और कथित फर्जीवाड़े से जुड़े सभी पक्षों को कटघरे में खड़ा किया जाएगा।

वीडियो में आशुतोष ने कहा कि उन्होंने पहले शंकराचार्य के खिलाफ जो आरोप लगाए थे, वे दबाव और परिस्थितियों के प्रभाव में लगाए गए थे। अब वे अदालत में जाकर पूरे मामले का सच सामने लाएंगे। उन्होंने कहा कि उनके साथ उत्पीड़न हुआ और उन्हें एक बड़ी साजिश का हिस्सा बनाया गया।

इस घटनाक्रम के बाद शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। यदि आशुतोष के नए आरोपों की जांच होती है तो यह मामला केवल व्यक्तिगत विवाद न रहकर धार्मिक संस्थाओं, आश्रमों और संत समाज के भीतर चल रहे सत्ता संघर्ष की दिशा में भी संकेत कर सकता है।

FROM AROUND THE WEB