Movie prime

Bihar Election 2025 : 121 सीटों पर नामांकन शुरू, 17 तक नामांकन, नाम वापसी 20 तक, वोटिंग 06 नवंबर को

 

RNE Bihar Election Desk.
 

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके साथ ही 121 विधानसभा क्षेत्रों के लिए पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। उम्मीदवार इस महीने की 17 तारीख तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। अगले दिन नामांकन पत्रों की जांच होगी । नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर है। इन सीटों पर 06 नवंबर को वोटिंग होगी।
 

भीड़भाड़ नहीं ले जा सकेंगे : 
 

निर्वाचन आयोग ने नामांकन केंद्रों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं। नामांकन परिसर के अंदर या आसपास भीड़भाड़ की अनुमति नहीं होगी। उम्मीदवार के साथ केवल तीन वाहन और प्रस्तावक सहित अधिकतम पाँच व्यक्ति ही जा सकेंगे। पूरी नामांकन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाएगी।
 

इन जिलों में पहले चरण का मतदान : 
 

पहले चरण में, अगले महीने की 6 तारीख को उत्तर और दक्षिण बिहार के जिलों- पटना, दरभंगा, मधेपुरा, सहरसा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, शेखपुरा, नालंदा, बक्सर और भोजपुर में मतदान होगा।
 

इतने इंतजाम : 
 

निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए राज्यभर में लगभग 8.50 लाख अधिकारियों की तैनाती की है। आयोग के अनुसार, इन अधिकारियों में 4.53 लाख मतदान कर्मी, 2.50 लाख पुलिसकर्मी, 28,000 से अधिक मतगणना कर्मी, और 18,000 माइक्रो ऑब्जर्वर शामिल हैं।
 

बिहार में पहली बार सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में सामान्य पर्यवेक्षक : 
 

इस बार बिहार में पहली बार सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में सामान्य पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, चुनाव पर निगरानी रखने के लिए 38 पुलिस पर्यवेक्षक और 67 व्यय पर्यवेक्षक की भी नियुक्ति की गई है। ये पर्यवेक्षक संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों से नियमित संवाद कर चुनाव प्रक्रिया में किसी भी समस्या का समाधान सुनिश्चित करेंगे।
 

बिहार चुनाव से जुड़े महत्वपूर्ण बिन्दु : 
 

  • कुल सीटें: 243
  • SC रिजर्व सीट: 38
  • ST रिजर्व सीट: 2
  • कुल  मतदाता: 7,42,00,000
  • पुरुष : 3,92,70,804
  • महिला : 3,49,82,828

मुख्य राजनीतिक दल: JDU, BJP, RJD, कांग्रेस, लेफ्ट पार्टियां (CPI, CPIML), जन सुराज पार्टी, LJP (राम विलास- चिराग पासवान गुट), RLJP (पशुपति पारस गुट), AIMIM, RLJP, HAM, VIP

FROM AROUND THE WEB