बीकानेर : जिला परिषद सदस्य बनने के लिए 41 वार्डों से 207 मैदान में उतरे!
Bikaner Panchayat Chunav : आखिरी दिन जिला परिषद के लिए 176 ने नामांकन दाखिल किया, अब तक 207 मैदान में
Rudra News Express Bikaner.
राजस्थान में पंचायत राज चुनाव के पहले चरण में नामांकन के आखिरी दिन प्रत्याशियों की भीड़ उमड़ी। पार्टियों ने आखिरी दिन ही अपने प्रत्याशियों की सूची जारी की ऐसे में राजस्थान के जिन 16 जिलों में पहले चरण में चुनाव में उनमें जिला परिषद और पंचायत समितियों के लिए नामांकन करने प्रत्याशी पहुंचे।
इसी कड़ी में बीकानेर जिला परिषद के 41 तथा पहले चरण की चार पंचायत समितियों के 60 सदस्यों के नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने का मंगलवार को आखिरी दिन था। इस अंतिम दिन अंतिम दिन कुल 176 अभ्यर्थियों ने 182 नामांकन प्रस्तुत किए। इससे पहले सोमवार तक कुल 31 अभ्यर्थियों ने 33 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए थे। इस प्रकार जिला परिषद सदस्य के लिए मंगलवार को नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने के अंतिम समय तक 207 अभ्यर्थियों ने कुल 215 नाम नामांकन दाखिल किए।
इन चार पंचायत समितियों में पर्चे भरे :
इसी प्रकार पहले चरण में छत्तरगढ़, खाजूवाला, पूगल और रुणिया मुख्यालय बीकानेर पंचायत समिति सदस्यों के लिए नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया मंगलवार को संपन्न हुई। मंगलवार को छत्तरगढ़ में 38 अभ्यर्थियों ने 38, खाजूवाला में 55 अभ्यर्थियों ने 57, पूगल में 29 अभ्यर्थियों ने 30 एवं रुणिया में 60 अभ्यर्थियों ने 69 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए। इस प्रकार मंगलवार तक छत्तरगढ़ में 57 अभ्यर्थियों ने 57, खाजूवाला में 79 अभ्यर्थियों ने 81, पूगल में 55 अभ्यर्थियों ने 56 तथा रुणिया में 96 अभ्यर्थियों ने 105 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए।
आज नामांकन पत्रों की जांच, कल तक नाम वापस :
जिला परिषद एवं पहले चरण की पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया मंगलवार को समाप्त हो गई है। इसके बाद प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 14 अक्टूबर, बुधवार को प्रातः 11 बजे से की जाएगी। नाम वापसी 15 अक्टूबर, गुरुवार को दोपहर 3 बजे तक होगी। नाम वापसी के तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा।
अब इन पांच पंचायत समितियों में नामांकन :
पंचायती राज आम चुनाव के तहत द्वितीय चरण में होने वाले चुनावों के लिए लोक सूचना मंगलवार को जारी कर दी गई है। इसके साथ ही नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो गई है।
द्वितीय चरण में जिले की हदां, बीठनोक, बज्जू, कोलायत एवं बीकानेर पंचायत समितियों में चुनाव होंगे। नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने के पहले दिन बीकानेर पंचायत समिति के सदस्य पद के लिए तीन अभ्यर्थियों ने तीन नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए। अन्य किसी भी पंचायत समिति में मंगलवार को कोई नाम निर्देशन पत्र प्राप्त नहीं हुआ।

