Bikaner : 34 सरकारी कर्मचारी हो सकते हैं सस्पेंड, जानिए क्यों!
Rudra News Express Bikaner.
पंचायत राज आम चुनाव-2026 के तहत पंच सरपंच निर्वाचन के लिए नियुक्त रिटर्निंग अधिकारियों के प्रथम प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले 34 कार्मिकों को जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन ने नोटिस जारी किए हैं। कार्मिकों को नोटिस प्राप्ति के तीन दिनों में अनुपस्थिति के संबंध में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए शनिवार को उपस्थित होने के निर्देश के बावजूद अनुपस्थित रहे कार्मिकों के विरुद्ध पंचायती राज अधिनियम, 1994 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। निर्धारित समय में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर नियमानुसार निलंबन की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।

रिटर्निंग अधिकारियों को ट्रेनिंग दी :
पंचायत राज आम चुनाव-2026 के प्रथम और द्वितीय चरण के लिए नियुक्त रिटर्निंग अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को रवींद्र मंच में आयोजित किया गया।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी मनु गर्ग ने रिटर्निंग ऑफिसर्स की पंचायत चुनाव में पंच एवं सरपंच के नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने, उनकी संवीक्षा, मत पत्र तैयार करने से लेकर मतगणना करवाने और परिणाम जारी करने तक के महत्वपूर्ण कार्यों के बारे बताया। उन्होंने कहा कि यह सभी कार्य रिटर्निंग अधिकारियों के पर्यवेक्षण में होंगे। साथ ही जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों का मतदान ईवीएम से करवाना होगा।
दो अलग तरह के चुनाव, हर बार का रखें ख्याल :
गर्ग ने कहा कि दो अलग-अलग प्रकार के चुनावों की प्रक्रिया को प्रत्येक कार्मिक पूर्ण गंभीरता से सामाजिक तथा इसकी अनुपालना करें। प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी एवं राजस्थान पशु चिकित्सा व पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलसचिव पंकज शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान दी जाने वाली जानकारी को पूर्ण सजगता और गंभीरता से सीखें। प्रशिक्षण के दौरान दक्ष मास्टर ट्रेनर्स द्वारा करीब तीन सौ अधिकारियों को जिला परिषद् व पंचायत चुनाव तथा पंच, सरपंच व उपसरपंच निर्वाचन से जुड़ी प्रत्येक जानकारी का गहन प्रशिक्षण दिया गया और प्रशिक्षार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के जवाब दिए गए।
जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स डॉ. एस एल राठी, डॉ वाई बी माथुर, डॉ नवदीप बैंस, डॉ विपिन सैनी, डॉ शमींद्र सक्सेना, डॉ राजाराम, रवींद्र मनीठिया, भंवरलाल, डॉ गणेश सदारंगानी ने विभिन्न विषयों से जुड़ा प्रशिक्षण दिया। अंत में प्रयुक्त की जाने वाली मल्टीपॉल मल्टीवोट मॉडल की ईवीएम मशीनों एवं मतपेटी पर हैंड्स ऑन सत्र का आयोजन हुआ।

