Bikaner Election Boycott : कोटासर के मतदान केंद्र पर सन्नाटा, धरने पर मतदाता
Rudra News Express Bikaner-ShriDungargarh.
राजस्थान में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में जहां आज वोटिंग हो रही है वहीं बीकानेर का एक गांव ऐसा भी है जहां बूथ पर सन्नाटा पसरा है। मतदाता यहां से कुछ दूरी पर धरना लगाए बैठे हैं।
यहां बात हो रही है बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ तहसील के दुसारणा पीपासरिया गांव की। पंचायत का विभाजन करने के विरोध में यहां ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया। मतदान केंद्र पर पहुंचने के बजाय धरना स्थल पर बैठकर अपना विरोध जता रहे हैं।
दरअसल गांव में पिछले एक पखवाड़े से चुनाव बहिष्कार की चेतावनी के साथ धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था। पंचायत पुनर्गठन के दौरान दुसारणा पंडरिकजी को अलग कर पीपासरिया को कोटासर में शामिल किए जाने से ग्रामीण नाराज हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि पीपासरिया को वापस पंडरिकजी में शामिल किया जाए अथवा अलग से नई ग्राम पंचायत बनाई जाए।
अधिकारी पहुंचे नहीं बनी बात:
उपखंड अधिकारी झवरलाल मितल, विकास अधिकारी मनोज कुमार धायल ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता की। वोट करने की अपील भी की मगर ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे।
6 किमी दूर पंचायत में शामिल करने पर आपत्ति :
ग्रामीणों का कहना है कि दुसारणा पीपासरिया को कोटासर ग्राम पंचायत में शामिल किए जाने से उन्हें पंचायत संबंधी कार्यों के लिए करीब 6 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। उनका तर्क है कि पीपासरिया की भौगोलिक स्थिति दुसारणा पंडरिकजी के अधिक नजदीक है। ऐसे में उसे कोटासर में शामिल करना उनके लिए परेशानी का कारण बन रहा है।

