RudraNewsExpress_Logo

Bikaner : अब 6 नगर पालिकाओं की बारी, कल 1.66 लाख मतदाता करेंगे वोट, 234 मतदान दल रवाना

नोखा में सबसे ज्यादा 50,500 वोटर, 64 संवेदनशील-अति संवेदनशील बूथों पर खास निगरानी
 
 

Rudra News Express Bikaner.


बीकानेर नगर निगम चुनाव के बाद अब जिले की छह नगर पालिकाओं के चुनाव पर निगाहें टिक गई हैं। शुक्रवार को होने वाले मतदान के साथ नोखा, श्रीडूंगरगढ़, देशनोक, नापासर, लूणकरणसर और खाजूवाला में स्थानीय निकाय की नई तस्वीर तय होगी। इन पालिकाओं के 190 वार्डों में मतदान होगा। 

इन निकायों में कुल 1 लाख 66 हजार 355 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक संबंधित नगर पालिका क्षेत्रों के निर्धारित मतदान केन्द्रों पर होगा। मतदान को लेकर गुरुवार को 234 मतदान दल ईवीएम और मतदान सामग्री के साथ अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

नोखा में सबसे ज्यादा मतदाता : 

छह नगर पालिकाओं में सबसे अधिक मतदाता नोखा में हैं। यहां कुल 50,500 मतदाता*हैं। इनमें 25,856 पुरुष और 24,644 महिला मतदाता शामिल हैं।

श्रीडूंगरगढ़ में 44,383 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 22,788 पुरुष, 21,594 महिला और एक ट्रांसजेंडर मतदाता है।

लूणकरणसर में 24,578 मतदाता हैं। इनमें 12,586 पुरुष, 11,990 महिला और 2 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

नापासर में 20,287 मतदाता हैं, जिनमें 10,489 पुरुष और 9,798 महिला मतदाता हैं।

देशनोक में कुल 16,220 मतदाता हैं। इनमें 8,345 पुरुष और 7,875 महिला मतदाता हैं।

खाजूवाला में 10,387 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 5,343 पुरुष, 5,043 महिला और एक ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल है।

936 कार्मिक संभालेंगे मतदान की जिम्मेदारी : 

* नोखा : 80 मतदान दल
* श्रीडूंगरगढ़ : 51 मतदान दल
* लूणकरणसर : 35 मतदान दल
* देशनोक : 25 मतदान दल
* नापासर : 23 मतदान दल
* खाजूवाला : 20 मतदान दल

इन मतदान दलों में पीठासीन अधिकारी के साथ प्रथम, द्वितीय और तृतीय मतदान अधिकारी शामिल हैं। कुल 936 कार्मिक चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाएंगे।

64 संवेदनशील-अति संवेदनशील बूथों पर वीडियोग्राफी : 

जिले की छह नगर पालिकाओं में 64 संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केन्द्र चिन्हित किए गए हैं। इन मतदान केन्द्रों के लिए मतदान दलों के साथ वीडियोग्राफर भी रवाना किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन ने मतदान कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना करने के निर्देश दिए। उन्होंने ईवीएम की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा पीठासीन अधिकारियों को एरिया मजिस्ट्रेट, सेक्टर ऑफिसर और रिटर्निंग अधिकारी के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करना प्रत्येक मतदान कार्मिक की जिम्मेदारी है।

रिजर्व ईवीएम भी तैयार : 

ईवीएम में किसी तरह की तकनीकी खराबी आने की स्थिति से निपटने के लिए सभी छह नगर पालिकाओं को अतिरिक्त रिजर्व ईवीएम आवंटित की गई हैं। इसके लिए गुरुवार को प्रथम पूरक रेंडमाइजेशन किया गया।

इस दौरान छह नगर पालिकाओं को 28 बैलेट यूनिट और 26 कंट्रोल यूनिट अतिरिक्त रिजर्व के रूप में आवंटित की गईं। निर्वाचन के दौरान पहले रिजर्व ईवीएम का उपयोग किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त रिजर्व मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। रेंडमाइजेशन के दौरान संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों के अलावा भाजपा के श्याम सिंह हाडला तथा कांग्रेस के प्रहलाद सिंह मार्शल और अम्बालाल इणखिया मौजूद रहे।

FROM AROUND THE WEB