असम, केरल और पुडुचरी में चुनाव प्रचार आज थमेगा, तमिलनाडु में नोमिनेशन प्रक्रिया खत्म हुई
RNE Special.
असम, केरल व पुडुचरी के लिए हो रहे विधानसभा चुनाव का प्रचार आज शाम को थम जायेगा। इन तीनों राज्यों में 9 अप्रैल को मतदान होना है। भाजपा, कांग्रेस के नेताओं ने आज अपनी पूरी ताकत इन राज्यों में झोंकी है। सभी बड़े नेता आज इन राज्यों में चुनाव प्रचार करते नजर आएंगे।
असम विधानसभा चुनाव:
असम का चुनावी माहौल गर्म है। यहां भाजपा मुख्यमंत्री हेमंत बिसवा सरमा के चेहरे पर तो कांग्रेस गौरव गोगई के चेहरे पर चुनावी समर में उतरी हुई है। इस बार कांग्रेस व भाजपा के बीच इस राज्य में कांटे की टक्कर है।
भाजपा ने जहां घुसपैठियों को चुनावी मुद्दा बनाया है वहीं कांग्रेस सीएम हेमंत बिसवा के भ्रष्टाचार व जुबिन गर्ग की हत्या को मुद्दा बनाये हुए है। यहां चुनाव प्रचार बहुत आक्रामक है। प्रियंका गांधी व राहुल गांधी ने खुद यहां के प्रचार की कमान अपने पास रखी है। सचिन पायलट, इमरान प्रतापगढ़ी, भूपेश बघेल, पप्पू यादव ने भी यहां कांग्रेस के लिए जमकर प्रचार किया है। अब किसका कितना असर रहा, यह तो परिणाम से ही पता चलेगा।
केरल विधानसभा चुनाव:
यहां कांग्रेस नेतृत्त्व वाले लोकतांत्रिक गठबन्धन व सीपीएम की अगुवाई वाले वाम गठबन्धन के बीच मुकाबला है, वहीं भाजपा भी यहां अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए जी तोड़ प्रयास कर रही है। वाम गठबंधन को यहां एन्टीनकम्बेंसी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि वो 10 साल से सत्ता में है।
यहां वायनाड से पहले के सांसद राहुल गांधी और वर्तमान सांसद प्रियंका गांधी का जबरदस्त क्रेज है। पंचायत व स्थानीय निकाय चुनावों में इन दोनों के बलबूते पर गठबन्धन ने बड़ी जीत हासिल की थी। यहां प्रचार की कमान राहुल व प्रियंका के साथ सचिन पायलट, इमरान प्रतापगढ़ी, के सी वेणुगोपाल, शशि थरूर ने संभाल रखी है। भाजपा तिरुअनंतपुरम नगर निगम चुनाव जीतने के बाद उत्साहित है। पीएम मोदी खुद यहां प्रचार कर रहे है।
पुडुचरी विधानसभा चुनाव:
यहां द्रमुक - कांग्रेस गठबन्धन का अन्नाद्रमुक - भाजपा गठबंधन से मुकाबला है। यहां चुनावी समर रोचक है।

