Movie prime

सीएम भजनलाल ने घटाईं अपनी गाड़ियों की संख्या, मंत्रियों-अधिकारियों को भी ईंधन बचत के निर्देश

 

RNE Jaipur.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत संबंधी अपील का असर अब राज्यों में भी दिखाई देने लगा है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को नई दिल्ली दौरे के दौरान बड़ा फैसला लेते हुए अपने काफिले में शामिल वाहनों की संख्या घटाने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने राज्य के सभी मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को भी पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा राष्ट्रहित में की गई अपीलों का देशभर में सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। इसी भावना के तहत राजस्थान सरकार ने ईंधन बचत को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

भजनलाल शर्मा ने स्पष्ट कहा कि अब सरकारी कार्यक्रमों और दौरों में अनावश्यक वाहनों के उपयोग से बचा जाएगा। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को वाहनों के उपयोग में मितव्ययिता बरतने तथा कार्यक्रमों की संख्या में भी कटौती करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पेट्रोल और डीजल की खपत कम हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने इसकी शुरुआत स्वयं से करते हुए अपने काफिले की गाड़ियों की संख्या कम कर दी है। सरकार का मानना है कि यदि प्रशासनिक स्तर पर ईंधन बचत को लेकर गंभीर पहल की जाए तो इससे आर्थिक बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में मुख्यमंत्री के इस कदम को प्रतीकात्मक लेकिन महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सरकारी बैठकों, दौरों और आयोजनों के स्वरूप में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।

FROM AROUND THE WEB