निकाय चुनाव: कांग्रेस ने बीकानेर की 7 विधानसभा सीटों सहित 200 सीटों पर इलेक्शन कॉर्डिनेटर बनाए
Rudra News Express Jaipur- Bikaner.
राजस्थान में प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव-2026 को लेकर कांग्रेस ने संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रदेश के 200 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव समन्वयकों की नियुक्ति की है। इनमें बीकानेर जिले की सभी छह विधानसभा सीटें भी शामिल हैं।

प्रदेश कांग्रेस की ओर से 24 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में अभिमन्यु भादोरिया, बीकानेर पूर्व में बलकारण सिंह बराड़, कोलायत में अमित कड़वासरा, लूणकरणसर में मुकुल गोयल, डूंगरगढ़ में रामदेव ढाका, खाजूवाला में नीलेश सोनी और नोखा में रामदेव सिंह पूनिया को चुनाव समन्वयक नियुक्त किया गया है।
07 विधानसभा क्षेत्रों में संभालेंगे चुनावी कमान :
कांग्रेस ने इन समन्वयकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में नगर निकाय चुनाव को लेकर संगठनात्मक गतिविधियों के समन्वय की जिम्मेदारी दी है। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
प्रदेश कांग्रेस के आदेश में जिला प्रभारियों और सह-प्रभारियों को 24, 25 और 26 अगस्त को संबंधित जिला कांग्रेस कमेटियों के प्रमुख कांग्रेसजनों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, विधानसभा क्षेत्रवार नियुक्त चुनाव समन्वयक अपने क्षेत्र में ब्लॉक स्तर पर बैठकें आयोजित करेंगे।
27 अगस्त तक देनी होगी रिपोर्ट :
कांग्रेस ने नगर निकाय चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन को लेकर भी प्रक्रिया शुरू कर दी है। समन्वयकों को संबंधित जिले और विधानसभा क्षेत्र में बैठकें आयोजित कर स्थानीय स्तर पर उचित कांग्रेस प्रत्याशियों के चयन से जुड़ी रिपोर्ट तैयार करनी होगी।
यह रिपोर्ट 27 अगस्त 2026 तक प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जयपुर को प्रस्तुत करनी होगी। ऐसे में आने वाले दिनों में बीकानेर जिले में कांग्रेस की बैठकों और संभावित प्रत्याशियों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
बीकानेर में किसे मिली जिम्मेदारी?
- बीकानेर पश्चिम - अभिमन्यु भादोरिया
- बीकानेर पूर्व - बलकारण सिंह बराड़
- कोलायत - अमित कड़वासरा
- लूणकरणसर - मुकुल गोयल
- डूंगरगढ़ - रामदेव ढाका
- नोखा - रामदेव सिंह पूनिया
खाजूवाला - नीलेश सोनी

