कांग्रेस जिलाध्यक्षों की नियुक्ति पर आज दिल्ली में अहम बैठक
Oct 24, 2025, 10:07 IST
कई विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक भी इस दौड़ में
RNE NETWORK.
अभिषेक आचार्य
कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की आज दिल्ली में राजस्थान को लेकर एक महत्त्वपूर्ण बैठक हो रही है। यह बैठक राजस्थान कांग्रेस की नई शक्ल, सूरत व सीरत की नींव रखने वाली होगी। इस कारण आज होने वाली सांगठनिक बैठक को बहुत महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है।
आज एआईसीसी ने राजस्थान के नए जिलाध्यक्ष तय करने के लिए बैठक बुलाई हुई है। जिलाध्यक्ष की कड़ी को कांग्रेस बेहद मजबूत बनाकर संगठन को खड़ा करना चाहती है। उन जिलाध्यक्षों का फैसला आज हो जायेगा। हालांकि उनकी घोषणा में अभी वक्त लगेगा। घोषणा तो राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सहमति के बाद होगी।
आज की बैठक खास है
आज कांग्रेस ने राजस्थान के बाहर के जिन 30 पर्यवेक्षकों को जिलाध्यक्ष तय करने की रिपोर्ट बनाने के लिए ऑब्जर्वर्स बनाया था, उनकी बैठक हो रही है। इन ऑब्जर्वर्स से संगठन महामंत्री के सी वेणुगोपाल वन टू वन रिपोर्ट पर व दिए गए पैनल पर चर्चा करेंगे। उसके बाद सम्बंधित जिले के लिए एक या दो नाम का पैनल तय होगा।
दौड़ में है 3000 से अधिक नेता
राज्य में कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनने की दौड़ में 3000 से अधिक नेता है। जिन्होंने ऑब्जर्वर्स को लिखित रूप में अपना आवेदन दिया है। जिस पर उन्होंने सम्बंधित जिले में रायशुमारी भी की है।
दौड़ में कई बड़े नेता भी शामिल
चूंकि अब कांग्रेस में जिलाध्यक्षों की भूमिका महत्त्वपूर्ण होने वाली है, इस कारण अधिकतर नेता इस पद पर आना चाहते है। जिलाध्यक्ष का सीधे राष्ट्रीय अध्यक्ष व राहुल गांधी से जुड़ाव होगा।
जिलाध्यक्षों की अब से उम्मीदवार चयन में भी प्रमुख भूमिका होगी। इस कारण कई विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक व वरिष्ठ नेता भी जिलाध्यक्ष की दौड़ में शामिल है। जिन्होंने बाकायदा आवेदन भी किया है। उस पर रायशुमारी भी हुई है।
रंधावा,डोटासरा, जुली को बुलाया
आज होने ऑब्जर्वर्स के साथ बैठक के बाद चर्चा करने के लिए पार्टी ने राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पीसीसी अध्यक्ष गोविंद डोटासरा व नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली को भी दिल्ली बुलाया है। वेणुगोपाल इस मसले पर उनसे भी चर्चा करेंगे। पूर्व सीएम अशोक गहलोत व पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट से भी इस पर बात होगी। उनकी राय ली जायेगी।
जयपुर-जोधपुर में सर्वाधिक दावेदार
राज्य की राजधानी जयपुर व अशोक गहलोत के गृह जिले जोधपुर में जिलाध्यक्ष बनने के सर्वाधिक दावेदार है। यहां सभी गुटों के लोगों ने दावेदारी जताई है। मगर ऑब्जर्वर्स इन जिलों सहित सभी जिलों के लिए 6 लोगों का पैनल बना रहे है, जिस पर वेणुगोपाल से चर्चा होगी। उस चर्चा के बाद ही एक या दो का पैनल खड़गे व राहुल के सामने रखा जायेगा।
बीकानेर में भी तकड़ी खींचतान
बीकानेर शहर व देहात जिलाध्यक्षो के लिए भी अच्छी खींचतान हो रही है। क्योंकि यहां भी कईयों ने इस पद के लिए दावेदारी की है। मगर पैनल तक 6 लोग ही पहुंच पाये है।
जिन दावेदारों का भाजपा के प्रति सॉफ्ट कॉर्नर है या जो पहले सक्रिय कम रहे है, उनको पहले से ही अलग कर दिया गया है। ऑब्जर्वर ने दावेदारों पर विशिष्ट जनों से चर्चा की है। दावेदारों की छवि पर भी बात की है। उसके बाद ही अंतिम पैनल बनाया है।
30 तक हो सकता है निर्णय
समझा जा रहा है कि राजस्थान में नए जिलाध्यक्षों पर पार्टी इस महीनें के अंत तक निर्णय कर सकती है। क्योंकि उसके बाद प्रदेश स्तर के संगठन पर भी निर्णय होना है। ये अगले विधानसभा चुनाव की तैयारी की एक तरह से शुरुआत होगी।

