भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए उलटी गिनती शुरू, अगले महीने मुखिया तय
12 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष की भी होगी जल्द नियुक्ति
भाजपा नये अध्यक्ष से चोंका सकती है सभी को
मोदी - शाह ने काफी नामों पर की है चर्चा
नड्डा अब सरकार के ही काम में रहेंगे ज्यादा सक्रिय
अभिषेक आचार्य
RNE Special.
पहले दिल्ली चुनाव, उसके बाद पहलगाम का आतंकी हमला और प्रत्युत्तर में ऑपरेशन सिंदूर के कारण भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव टलता गया। अध्यक्ष जे पी नड्डा का कार्यकाल बढ़ता रहा, जो अभी भी चल रहा है। इस बीच कई नाम उछले। मगर शायद शीर्ष नेतृत्त्व ने कुछ तय नहीं किया था।
अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो गई है। अगले महीने संसद का मानसून सत्र आरम्भ हो रहा है और उससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव भी हो जायेगा। अंदरखाने इस पद के लिए नाम लगभग तय हो गया है।
मानसून सत्र से पहले अध्यक्ष तय:
संसद के मानसून सत्र से पहले भाजपा को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जायेगा। ये इसलिए माना जा रहा है क्योंकि मोदी अब अपने मंत्रिमंडल का विस्तार व पुनर्गठन करने की तैयारी में है। उससे पहले जिन मंत्रियों व नेताओ को संगठन में शिफ्ट किया जाना है, वो भी काम करना होगा। ताकि मंत्री पदों पर नयों को लाने की संभावना बने।
12 प्रदेश भी इस कारण जल्द:
भाजपा के संगठन चुनाव की अब भी प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। अब भी 12 राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनाए जा सके है। इनकी नियुक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले होनी लाजिमी है। इस वजह से 12 राज्यों में जल्दी ही प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किये जायेंगे।
भाजपा चोंका सकती है अध्यक्ष से:
भाजपा अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष से सभी को अचंभे में डाल सकती है। वैसे भी मोदी और अमित शाह कयासों से विपरीत निर्णय लेने के लिए ही मशहूर है। इस बार दक्षिण से अध्यक्ष बनाने की भी खूब चर्चा चली है।
काफी नामों को लेकर कयास:
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर काफी नामों के कयास लगाये जा रहे है। पहला कयास तो इस बात का है कि दक्षिण में पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए भाजपा दक्षिण के किसी नेता को पार्टी की कमान दे सकती है। इसके अलावा जिस नेता को लेकर काफी कयासों का बाजार गर्म रहा, वह थी राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे। अब भी उनका नाम चर्चा में है।
केंद्रीय मंत्रियों शिवराज सिंह चौहान, भूपेंद्र यादव, धर्मेंद्र प्रधान, राजनाथ सिंह के नाम का भी कयास लगाया जा रहा है। इस तरह नामों को लेकर कयास तो खूब लग रहे है, मगर असलियत तो केवल पीएम मोदी व अमित शाह जानते है।