RudraNewsExpress_Logo

Deshnok Election-शराब कनेक्शन  :  रात में 49 पव्वे, सुबह 237 पव्वे-12 बोतलें… चुनाव प्रचार सामग्री भी मिली!

देशनोक चुनाव में शराब का खेल! रात में बाइक, सुबह क्रेटा से 286 पव्वे-12 बोतलें बरामद
 

Rudra News Express Deshnok-Bikaner.

देशनोक नगरपालिका चुनाव के बीच शराब की कथित तस्करी और चुनाव में उसके इस्तेमाल की आशंका को लेकर पुलिस ने कुछ ही घंटों के अंतराल में दो कार्रवाई की हैं। सोमवार देर रात बाइक से 49 पव्वे और मंगलवार तड़के एक ब्लैक क्रेटा से 237 पव्वे व 12 बोतलें बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।

तड़के 4:30 बजे क्रेटा से मिली बड़ी खेप : 

मंगलवार तड़के करीब 4:30 बजे देशनोक-गीगासर रोड पर ओरण प्याऊ से बाईं ओर सोवा ग्रेवल रोड पर करीब 200 मीटर अंदर एक ब्लैक कलर की क्रेटा कार पकड़ी गई। वाहन का नंबर RJ14CZ1100  है। सूचना पर देशनोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार, कार की तलाशी में 141 देशी शराब के पव्वे, 96 अंग्रेजी शराब के पव्वे और 12 अंग्रेजी शराब की बोतलें मिलीं। इस तरह इस कार्रवाई में कुल 237 पव्वे और 12 बोतलें बरामद होने की जानकारी है। पुलिस ने शराब के परिवहन में प्रयुक्त क्रेटा को भी कब्जे में लिया है।

शराब

कांग्रेस की प्रचार सामग्री, पुलिस कर रही छानबीन : 

दोनों मामलों में कांग्रेस से जुड़ी चुनावी प्रचार सामग्री मिलने से सनसनी है। इसके अलावा दस्तावेज, मोबाइल फोन और नकदी मिलने का भी दावा स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक बरामद शराब को किसी राजनीतिक दल या प्रत्याशी के चुनावी इस्तेमाल से जोड़कर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। थानाधिकारी सुमन शेखावत ने शराब बरामद होने की पुष्टि की है।

पुलिस ने चुनाव में इसके उपयोग की आशंका से इनकार नहीं किया है। पुलिस अब शराब के स्रोत, परिवहन के उद्देश्य और संभावित गंतव्य की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में कार को ऐसे कांग्रेस नेता से जुड़ा बताया है जिनकी पत्नी वार्ड पार्षद चुनाव लड़ रही है। कार से बरामद एक मोबाईल पर देशनोक के बड़े कांग्रेस नेता के व्हाट्सएप मैसेज होने की चर्चाएं भी हैं। 

शराब देशनोक

रात में बाइक से मिले थे 49 पव्वे : 

क्रेटा से हुई कार्रवाई से पहले सोमवार देर रात देशनोक की ओरण भूमि क्षेत्र में एक बाइक से 49 शराब के पव्वे बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस ने बाइक को भी जब्त किया। इस मामले की सामने आई तस्वीरों में बाइक पर कांग्रेस के चुनावी स्टिकर और प्रचार सामग्री दिखाई देने का दावा किया गया है। इसी वजह से यह मामला भी चुनावी माहौल में चर्चा का विषय बन गया।

स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि पिछले कुछ दिनों से देशनोक के अलग-अलग वार्डों में कथित रूप से शराब और धनराशि के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका दावा है कि कांग्रेस के झंडे और स्टिकर लगे वाहनों से शराब पहुंचाने की गतिविधियां देखी गई हैं।

FROM AROUND THE WEB