RudraNewsExpress_Logo

 अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यकुशलता बढ़ाने पर जोर, सभी कार्मिकों का पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीकरण होगा सुनिश्चित

 

RNE BIKANER

जयपुर,  पशुपालन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से निदेशालय के सभागार में शुक्रवार को iGOT कर्मयोगी पोर्टल’(iGOTKarmayogi Portal)पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए निदेशक डॉ. सुरेश चंद मीना ने कहा कि वर्तमान समय में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और सुगम बनाने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों का निरंतर कौशल विकास होते रहना आवश्यक है। आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल सरकारी कार्मिकों को उनकी कार्य आवश्यकताओं के अनुरूप ज्ञान और कौशल अर्जित करने का प्रभावी मंच उपलब्ध करा रहा है। पशुपालन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए तथा प्राप्त ज्ञान का उपयोग विभागीय कार्यों की गुणवत्ता बढ़ाने में करना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने अधीनस्थ स्टाफ का भी पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करें और नियमित रूप से कोर्सेज पूरा कर विभागीय कार्यों में पारदर्शिता एवं दक्षता लाएं। डॉ मीना ने प्रशिक्षण की नियमित मॉनिटरिंग के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश प्रदान किए।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य के सभी जिलों से आए जिला स्तरीय अधिकारियों तथा संभाग स्तर के अतिरिक्त निदेशकों (क्षेत्र) ने सक्रिय रूप से भाग लिया। सत्र के दौरान मास्टर ट्रेनर डॉ. लल्लू राम मीना एवं डॉ. भवानी सिंह ने प्रतिभागियों को पोर्टल के उपयोग, पंजीकरण और ऑनलाइन प्रशिक्षण की बारीकियों से अवगत कराया। प्रशिक्षण के दौरान पोर्टल पर उपलब्ध विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों जैसे सीसीए नियम, ऑफिस मैनेजमेंट और प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जुड़े कोर्सेज के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

उल्लेखनीय है कि विभाग के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के लिए इस पोर्टल के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करना अनिवार्य किया गया है। सभी कार्मिकों को प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक घंटे का ऑनलाइन कोर्स पूरा करना आवश्यक होगा।

FROM AROUND THE WEB