महिला आरक्षण व परिसीमन बिल पर पांच अलग अलग रूप दिखे
भाजपा -- विरोधी दल फैला रहे गलत नैरेटिव
RNE Special.
कल लोकसभा में महिला आरक्षण व परिसीमन के बिल पेश किए गए। विपक्ष की हिम्मत सीधे महिला आरक्षण बिल के विरोध की तो नहीं दिखी, मगर परिसीमन की आड़ में बिल पर असहमति दी। विपक्ष का कहना था कि परिसीमन हटे तो बिल का समर्थन करने के लिए तैयार है।
वहीं सत्तारूढ़ भाजपा इन बिलो को पेश करने के साथ ही विपक्ष पर हमलावर रही। भाजपा नेताओं ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वो गलत नैरेटिव फैला रहे है।
संसद के अलग अलग रंग:
क्रेडिट ले लें, समर्थन करें : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चर्चा में कहा कि महिला आरक्षण के लिए लाये गये संविधान संशोधन से दक्षिण, उत्तर, पूरब, पश्चिम हो या छोटे बड़े राज्य, किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा। परिसीमन पहले जिस अनुपात में हुआ वह नहीं बदलेगा। मोदी ने कहा कि क्रेडिट ले लो, फोटो छापेंगे पर महिलाओं को हक़ दे दो। सबकी फोटो छपवा देंगे, सामने से क्रेडिट का ब्लेंक चेक ले लें लेकिन विधेयक का समर्थन करें।
असली मुद्दा परिसीमन का, झोंक रहे धूल : प्रियंका गांधी

वायनाड से कांग्रेस की सांसद प्रियंका गांधी ने चर्चा में बोलते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने 2023 में महिला आरक्षण बिल का समर्थन किया था। आज भी समर्थन पर कोई शक नहीं करना चाहिए। मुद्दा विधेयक की टाइमिंग व परिसीमन का है। सरकार आंखों में धूल झोंक रही है। अगर ये बिल पास हुआ तो लोकतंत्र खत्म हो जायेगा।
जातीय गणना टालना चाहते है : अखिलेश यादव

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने बिल पर कहा कि पहले जनगणना कराई जाए और उसके बाद महिला आरक्षण बिल लागू हो। भाजपा जनगणना को टालना चाहती है, खासकर जातीय गणना के कारण, क्योंकि अगर जातीय आंकड़े सामने आएंगे, तो आरक्षण की वास्तविक मांग और दबाव बढ़ेगा।
महिलाओं से धोखाधड़ी है ये : प्रतिभा मंडल

टीएमसी की सांसद प्रतिभा मंडल ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन है। लेकिन उन्होंने इसके कार्यान्वयन में देरी व परिसीमन से जोड़ने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं के साथ धोखाधड़ी है।
किसी को नुकसान नहीं, न्याय होगा : अर्जुनराम मेघवाल

सदन में तीन विधेयक प्रतिस्थापित करते हुए कानून मंत्री व बीकानेर के सांसद अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने के लिए कहा था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रस्तावित परिसीमन से किसी भी राज्य की राजनीतिक ताकत प्रभावित नहीं होगी।
आरक्षण में विलंब की साजिश है : गौरव गोगोई

लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई ने दावा किया कि परिसीमन से जोड़कर सरकार महिला आरक्षण में विलंब करना चाहती है। आरक्षण मौजूदा सीटों पर ही लागू होना चाहिए। हमारी बात सुनी होती तो 2024 में महिलाओं का आरक्षण लागू हो गया होता।

