किरोड़ी - बेनीवाल विवाद के बीच में कूदे पूर्व सीएम गहलोत, दोनों नेताओं पर जड़ा सरकार गिराने के प्रयास का आरोप
RNE Network.
राज्य के कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा व रालोपा सांसद हनुमान बेनीवाल की राजनीतिक भिड़ंत में पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर रुपये देने के लगाए आरोपो को लेकर गहलोत ने पलटवार किया है।
उन्होंने कहा कि किरोड़ी - हनुमान दोनों दोस्त है। दोनों ही हमारी सरकार गिराने के प्रयास की साजिश में भी शामिल थे। राजस्थान में पैसा लेने का इतिहास नया नहीं है। दोनों हेलीकॉप्टर लेकर सरकार बनाने के लिए घूम रहे थे। यह बात गहलोत ने कल प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से कही।
किरोड़ी का गहलोत पर आरोप:
कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने कहा है कि पूर्व सीएम खुद इसके सूत्रधार थे। दूसरों के हक पर डाका डाला। इस कारण बगावत हुई। उन्होंने कुर्सी तो बचा ली, लेकिन जनता की नजरों से सरकार को गिरने से नहीं बचा सके। मेरे बार बार पुख्ता सबूत देने पर भी पेपरलीक करने वालों पर कार्यवाई के बजाय, उन्हें संरक्षण दिया।
बेनीवाल ने अंदरूनी कलह बताया:
पूर्व सीएम के बयान पर रालोपा सुप्रीमो सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि मानेसर प्रकरण कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी कलह का नतीजा था। मेरा स्टैंड हमेशा जन भावना को ध्यान में रखते हुए स्पष्ट था और सार्वजनिक था। यह बात हमेशा याद रखी जायेगी कि जिनके शासनकाल में युवाओं के सपनों के साथ कुठाराघात हुआ, वो शासनकाल गहलोत का था।