गोविंदराम मेघवाल के बेटे गौरव चौहान छत्तरगढ़ से निर्दलीय निर्विरोध प्रधान, खाजूवाला में कांग्रेस की सुनीला निर्दलीय बागी कलावती से हारी
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर के पंचायत राज चुनाव में भारी जीत के बाद भी लगातार हो रही फजीहत को कांग्रेस रोक नहीं पा रही है। जिला प्रमुख चुनाव में सरिता चौहान को बगावत के बाद पार्टी से निष्कासित किया गया वही प्रधान चुनाव में भी कांग्रेस को बगावत का झटका लगा है। कांग्रेस को 02 पंचायतों में स्पष्ट बहुमत के बावजूद हार का मुंह देखना पड़ा है। हालांकि कुल आंकड़ा कांग्रेस के लिए उत्साहजनक है। मतलब यह कि जिले की 15 पंचायत समितियों में से 10 में कांग्रेस, 03 में भाजपा और 02 में निर्दलीय प्रधान बने हैं।

गोविंदराम परिवार की बगावत :

पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल के विधानसभा क्षेत्र रहे खाजूवाला में 15 में से 10 सदस्य कांग्रेस के होने के बावजूद अधिकृत प्रत्याशी सुनीला पुनिया बागी निर्दलीय कलावती सींवर से चुनाव हार गई। कलावती गोविंदराम समर्थित प्रत्याशी थी। इससे भी बड़ी बात यह है कई छत्तरगढ़ में गोविंदराम के बेटे गौरव चौहान निर्विरोध निर्दलीप प्रधान चुने गए।
दरअसल गोविंदराम मेघवाल और उनके परिवार की जिला प्रमुख टिकट नहीं मिलने पर पार्टी नेताओं से ठन चुकी है। पार्टी के प्रभारी कुलदीप इंदौरा बीती रात भी गोविंदराम के फार्म हाउस गए लेकिन उनके बताए कैंडीडेट्स को टिकट नहीं दी। ऐसे में नतीजे बदल गए।
छतरगढ़ में कांग्रेस के 12 लेकिन गौरव चौहान निर्दलीय प्रधान :
छतरगढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस ने 15 में से 12 सीट जीती। भाजपा का एक, आरएलपी का एक और एक अन्य सदस्य था। स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस ने पूर्व मंत्री गौरव चौहान को अधिकृत प्रत्याशी नहीं बनाया। ऐसे में कांग्रेस और निर्दलीय दोनों प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। जांच में कांग्रेस से उनका नामांकन खारिज होने के बाद निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उनका निर्विरोध निर्वाचन हुआ। यहां भाजपा ने भी प्रधान पद के लिए प्रत्याशी नहीं उतारा।
कांग्रेस के खाजूवाला में 15 में 10 सदस्य, फिर भी हार :
बगावत का असर खाजूवाला पंचायत समिति पर भी रहा। यहां कांग्रेस के 10, भाजपा के 2 और अन्य 3 सदस्य थे। कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत था। इसके बावजूद प्रधान चुनाव में पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी सुनीला पूनिया को हार का सामना करना पड़ा। कलावती सींवर कांग्रेस के टिकट पर पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुई थीं, लेकिन प्रधान चुनाव में उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। भाजपा का समर्थन भी निर्दलीय प्रत्याशी को मिलने की खबर आई है।

