गहलोत बोले, जिनको ABCD मालूम नहीं वे भाषण ठोक रहे, फिर वसुंधरा का पक्ष लिया, रिफाइनरी पर करारा तंज किया
RNE Network.
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रिफाइनरी के मुद्दे पर भाजपा नेताओं पर करारा तंज करते हुए कहा कि जिनको रिफाइनरी के बारे में ABCD पता नहीं वे अंधाधुंध उस पर भाषण ठोक रहे है। उनको पहले इस रिफाइनरी के बारे में पूरी स्टडी करनी चाहिए।
अपने पर भाजपा नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह अत्याधुनिक रिफाइनरी है। जो हमारे कार्यकाल में शुरू हुई थी। गहलोत ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को सलाह दी कि वे किसी ऐसे व्यक्ति को रिफाइनरी पर बोलने के लिए कहे जिसे इसके बारे में पूरी जानकारी हो। जानकारी न हो तो उसे पहले पूरी जानकारी लेने को कहे। उसके बाद रिफाइनरी को लेकर मुझ पर आरोप लगाये।
एक बार फिर पूर्व सीएम वसुंधरा राजे का पक्ष लेते हुए गहलोत ने कहा कि रिफाइनरी के बारे में उनसे बुलवाना चाहिए। उनको इसकी पूरी जानकारी है। वो हमारी कमियां बताएंगी, तब बात बनती है। तब हम उनकी बातों का जवाब देंगे। जिनको रिफाइनरी का ज्ञान नहीं, उनकी बातों का क्या जवाब दूं।
विदित रहे कि आज मोदी को रिफाइनरी का उद्घाटन करना था मगर कल वहां भीषण आग लग जाने के कारण उनका आना टल गया। आग वहीं लगी जहां पीएम मोदी को उद्घाटन करना था। भाजपा सरकार ने इसका ठीकरा पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार पर फोड़ते हुए कई आरोप जड़ दिए। उन पर गहलोत प्रतिक्रिया दे रहे थे।

