हाई कमान के दूत इंदौरा मेघवाल-डूडी से मिले, डोटासरा-गहलोत तक चर्चा!
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर जिला प्रमुख का चुनाव कल यानी 25 नवंबर को है। कांग्रेस 41 में से 30 वार्ड जीतकर जितना स्पष्ट बहुमत लाई है उतनी ही अस्पष्ट चुनावी तस्वीर है। अस्पष्ट इस लिहाज से कि चुनाव में ताकत दिखाने वाली पार्टी इस बार भी जीत के बाद सड़क पर सदस्यों की आपसी लूट-खसोट करती नजर आई है। फजीहत इतनी हुई है कि कांग्रेस सदस्य के परिजन अपनी ही पार्टी के नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन करने सड़क पर उतरे, धरना दिया।

सरिता-निकिता के लिए आमने-सामने डूडी-मेघवाल :
सब जानते हैं कि पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी, विधायक सुशीला डूडी की पुत्रवधू निकिता को प्रमुख बनाने के लिए डूडी परिवार सहित कांग्रेस का बड़ा तबका जुटा है। दूसरी और पूर्व मंत्री और सांसद का चुनाव लड़ चुके गोविंदराम मेघवाल अपनी बनी बेटी सरिता चौहान को प्रमुख बनाने जी-जान से जुटे हैं। सरिता पहले प्रधान रह चुकी है और दूसरी बार जिला परिषद सदस्य बनी है। सामान्य महिला सीट पर डूडी-मेघवाल परिवार के बीच हो रही जोर आजमाइश नई नहीं है। पिछली बार भी सरिता प्रमुख पद की दावेदार थी तब रामेश्वर डूडी की पसंद के मोडाराम मेघवाल प्रमुख बने। इस बार भी जंग पार्टी के भीतर इन दो परिवारों के बीच है जिसमें प्राथमिक तौर पर डूडी परिवार का पलड़ा भारी लग रहा है।
इंदौरा की समझाइश, नेताओं की नसीहत :
इस बीच हाई कमान के दूत यानी पर्यवेक्षक के तौर पर बीकानेर आए कुलदीप इंदौरा ने सुशीला डूडी और गोविंदराम मेघवाल दोनों से बात की है। बंद कमरे में नेताओं से मुलाकात का दौर चल रहा है। प्रदेश अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी स्थिति को संभालने के लिए लगातार बीकानेर के नेताओं और पर्यवेक्षक के संपर्क में हैं। इन सबके बीच सकारात्मक बात यह है कि निकिता डूडी और सरिता चौहान दोनों के बयान एक-दूसरे के प्रति कूटनीतिक सौहार्द्र वाले आए हैं। वहीं दूसरी और पुलिस लगातार बिशनाराम सियाग, भंवर कूकणा और विधायक सुशीला डूडी के खिलाफ हुई FIR पर जांच पड़ताल करती इनके ठिकानों पर पहुँच रही है।
यूं ताकत बनकर उभर रही है कांग्रेस :
इसमें कोई संदेह नहीं है कि बीकानेर जिले में शहर से गांवों तक कांग्रेस ने जबरदस्त चुनावी ताकत दिखाई है। पहले बीकानेर नगर निगम के 80 में से 42 वार्ड जीतकर पूर्ण बहुमत वाला राजस्थान का इकलौता नगर निगम बोर्ड बनाया। अब पंचायती राज चुनाव में जिले की सबसे बड़ी गांव की सरकार जिला परिषद के 41 में से 30 सदस्य जीतकर परिणाम इकतरफा कर दिया।
भाजपा लगातार पिछड़ रही :
भाजपा दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाई और 08 सीट पर संतोष करना पड़ा। वह भी उस स्थिति में जब केंद्र के मंत्री, राज्य के कैबिनेट मंत्री और जिले के 07 में से 06 विधायक भाजपा के हैं। बात पंचायत समितियों की करें तो जिले की 15 पंचायत समितियों के 263 सदस्यों में से 155 अकेले कांग्रेस के हैं। भाजपा को इनमें से सिर्फ 65 सदस्य मिले हैं। मतलब कि भाजपा से लगभग ढाई गुना बड़ी जीत कांग्रेस की है। ऐसे में जाहिर है कि कांग्रेस इस समय बीकानेर जिले के शहर से गांव तक परचम फहराने वाली पार्टी है।
पति के फटे कपड़े, पत्नी को ले जाने का आरोप :
इससे इतर तस्वीर का दूसरा पहलू यह है कि बीकानेर कांग्रेस की पहचान आपसी फजीहत वाली सबसे बड़ी पार्टी के रूप में भी सामने आई है। ताजा फजीहत जिला परिषद चुनाव को लेकर सामने आई है जब कांग्रेस के एक जिला परिषद सदस्य एक पति सहित परिजनों ने कांग्रेस के ही अध्यक्ष, युवा अध्यक्ष, विधायक पर सदस्य को उठा ले जाने का आरोप लगाया। मामला वार्ड संख्या 9 से निर्वाचित जिला परिषद सदस्य मैना देवी से जुड़ा है।
जानिए किसने, किस पर क्या आरोप लगाए :
आरोप है कि मतगणना के दौरान मैना देवी के पति नेमाराम और उनके देवर के साथ कांग्रेस नेताओं ने गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। कोलायत क्षेत्र से मेघवाल समाज के लोग जिला परिषद सदस्य मैना देवी को वापस घर भेजने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर धरने पर बैठ गए। परिषद सदस्य के पति के फटे कपड़े और सड़क पर अपनी ही पार्टी के नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन ओर धरने ने एक बार फिर मेयर चुनाव में शहर अध्यक्ष मदन गोपाल के फटे कपड़े और पिटाई की याद दिला दी। उस चुनाव में पूरी कांग्रेस अपने ही कार्यकर्ता-नेता को गिरफ्तार करने का मांग लेकर धरने पर बैठी।
नगर निगम चुनाव में भी सड़क पर पिटी कांग्रेस :
इससे पहले फजीहत का उदाहरण बीकानेर नगर निगम चुनाव के दौरान दिखा जब कांग्रेस के शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल को उस वक्त पीटकर कपड़े फाड़ दिए जब वे पार्टी प्रत्याशी नवरतन डागा के कार्यालय का उद्घाटन करने पहुँचे। पीटने वाले भी कांग्रेस के कार्यकर्ता और टिकट के दावेदार थे। आरोप लगा, अध्यक्ष ने टिकट चुरा लिया। अध्यक्ष सहित पूरी कांग्रेस को अपने ही नेता-कार्यकर्ता को गिरफ्तार करवाने के लिए धरना देना पड़ा। केस अब भी चल रहा है।
डिप्टी मेयर चुनाव में घिरी कांग्रेस :
इसी चुनाव में मेयर पद पर प्रचंड जीत के बाद डिप्टी मेयर पद पर पार्टी की करारी हार और जबरदस्त किरकिरी हुई। पार्टी के अल्पसंख्यक नेताओं ने मीटिंगें की। दिल्ली-जयपुर तक बात पहुंची। है पवार कमेटी बनी। रिपोर्ट और इसके आधार पर होने वाली कार्रवाई का अब भी इंतजार है।
जिला परिषद चुनाव के ताजा विवाद ने एक बार फिर कांग्रेस अपने ही नेताओं के खिलाफ सड़क पर है। अपनी ही पार्टी की दलित महिला सदस्य को सरे राह उठाने का आरोप है। महिला के पति को पीटने, कपड़े फाड़ने और सदस्य को ले जाने की FIR हुई है। सड़क पर प्रदर्शन हुआ है। गौरतलब है कि कांग्रेस में दोनों परिवारों के बीच वर्चस्व की लंबी लड़ाई चल रही है। सड़क पर हो रही कांग्रेस की यह फजीहत इसी लड़ाई का एक और अध्याय है।

