Movie prime

Himachal : कांग्रेस-भाजपा दोनों दलों के दो पूर्व मंत्रियों की बेटियाँ जिला परिषद का चुनाव हारी

चम्पा ठाकुर, वंदना गुलेरिया की हार पर जमकर चर्चा

 

RNE Mandi-Himachal Pradesh. 

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला परिषद चुनाव में मतदाताओं ने ऐसा फैसला सुनाया है जिसने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। राज्य के दो प्रभावशाली पूर्व मंत्रियों की बेटियों को जनता ने चुनावी मैदान में हार का स्वाद चखा दिया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर की बेटी चंपा ठाकुर तथा भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की बेटी वंदना गुलेरिया जिला परिषद चुनाव हार गईं।

चंपा ठाकुर को करारी शिकस्त : 

मंडी जिला कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर की बेटी चंपा ठाकुर को कोटली वार्ड से बड़ी हार का सामना करना पड़ा। भाजपा समर्थित प्रत्याशी हेमलता ने उन्हें 2,464 वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया। हेमलता को 8,659 वोट मिले, जबकि चंपा ठाकुर के खाते में 6,195 वोट आए।

add

यह हार इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि चंपा ठाकुर लगातार चार बार जिला परिषद सदस्य चुनी जा चुकी थीं और एक बार जिला परिषद अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। वह पांचवीं बार जीत का रिकॉर्ड बनाने की कोशिश में थीं, लेकिन मतदाताओं ने इस बार उन्हें नकार दिया।

महेंद्र सिंह की बेटी भी नहीं बचा पाईं सीट : 

धर्मपुर क्षेत्र के टीहरा वार्ड में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की बेटी वंदना गुलेरिया को भी हार का सामना करना पड़ा। वंदना केवल 47 वोटों के मामूली अंतर से चुनाव हार गईं। मतगणना के दौरान टीहरा वार्ड में काफी गहमागहमी देखने को मिली। वंदना गुलेरिया ने परिणाम पर सवाल उठाते हुए पुनर्गणना (रिकाउंटिंग) की मांग भी की, लेकिन अंतिम परिणाम में हार बरकरार रही। वंदना इससे पहले पार्षद भी रह चुकी हैं और क्षेत्र में सक्रिय राजनीति करती रही हैं।

add33

*पहले विधानसभा चुनाव भी हार चुकी हैं चंपा : 

चंपा ठाकुर का राजनीतिक सफर भी चुनौतियों से भरा रहा है। वह मंडी सदर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर दो बार चुनाव लड़ चुकी हैं, लेकिन दोनों बार भाजपा नेता अनिल शर्मा से पराजित हुई थीं। अब जिला परिषद चुनाव में मिली करारी हार ने उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

भाजपा का परचम : 

गौरतलब है मंडी सहित हिमाचल प्रदेश के जिला परिषद चुनावों में भाजपा का दबदबा बन गया है।  मंडी जिला परिषद चुनाव के नतीजों में 36 जिला परिषद सीटों के परिणामों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस को करारा झटका दिया है। इसी तरह प्रदेशभर में 251 जिला परिषद सीटों में से भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 136 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज कर बढ़त बनाई है।

FROM AROUND THE WEB