IGNP : एमएलए विश्वनाथ ने मंत्री रावत को फोन किया, अध्यक्ष पंचारिया ने मंत्री से मिलकर दो समूह में पानी मांगा
Aug 18, 2025, 18:54 IST
RNE Bikaner.
बीकानेर में नहरी किसानों को फसल के लिए पूरे पानी की मांग पर पूर्व मंत्री भंवरसिंह भाटी जहां आंदोलन छेड़ सड़क पर उतर आए वहीं इस मुद्दे पर पिछड़ने के डर से भाजपा ने सरकार और प्रशासन तक अपनी बात पहुंचानी शुरू की है।
खाजूवाला के विधायक डॉक्टर विश्वनाथ मेघवाल का कहना है कि सिंचाई पानी 4 में से 2 समूह में चलाने के मुद्दे पर सिंचाई मंत्री सुरेश रावत व चीफ इंजीनियर अमरजीत मेहरड़ा से बात की है। इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के खाजूवाला प्रवास पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के साथ मुख्यमंत्री के समक्ष किसानों की रबी फसलों को पकाने के लिए 2 समूह में नहरें चलाने की मांग रखी थी।
दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने आज सचिवालय जयपुर में सिंचाई मंत्री सुरेश रावत से मुलाकात कर किसानों की पीड़ा से अवगत करवाते हुए कहा नहरी क्षेत्र में किसानों को चार में से दो समूह पानी देने बात रखी। देहात भाजपा मीडिया संयोजक मनीष सोनी के मुताबिक मंत्री सुरेश रावत ने कहा कि आज ही इस विषय को लेकर आज उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। प्रदेश कि भाजपा सरकार किसानों के साथ खड़ी है और किसानों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होने देंगे।