RudraNewsExpress_Logo

जनरंजन : जिला प्रमुख पर सबकी नजर, डूडी परिवार पूरी तरह से मुस्तैद, बाड़ाबंदी भी, पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल से होगी कांटे की टक्कर, भाजपा को होगा फायदा!

-- पूर्व मंत्री मेघवाल ने भी अब कमर कसी, राह कठिन करेंगे
-- भाजपा की इस टकराहट पर नजर, उसी से  बड़ी उम्मीद
 

RNE Bikaner

बीकानेर में जिला प्रमुख पद के चुनाव के लिए अब उलटी गिनती शुरू हो गयी है। जिला परिषद सदस्यों के लिए वोट पड़ चुके हैं, गिनती होनी है। उस परिणाम के आधार पर यह तय होगा कि इस बार भी कांग्रेस का जिला प्रमुख बनेगा या भाजपा पहली बार इस पद को पाने में सफल रहेगी। हालांकि फिलहाल तो कांग्रेस खेमे में ही हलचल अधिक दिखाई दे रही है।
जिला प्रमुख के चुनाव में 30 साल से दिवंगत किसान नेता किसान केसरी रामेश्वर डूडी का वर्चस्व रहा है। या तो वे खुद जिला प्रमुख बने हैं या फिर वो बना है जिसे उन्होंने चाहा है। इस चुनाव से एक साल पहले डूडी का आकस्मिक निधन हो गया था। इस बार पहली बार डूडी सशरीर इस चुनाव में नहीं है, मगर उनकी पूरी उपस्थिति साफ नजर आ रही है और प्रभाव भी दिख रहा है।
डूडी की राजनीतिक विरासत को नोखा विधायक व उनकी धर्मपत्नी सुशीला डूडी और देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिसनाराम सियाग ने संभाल रखी है। उन्हीं की तरह वे चुनावी शतरंज की चालें भी चल रहे हैं। इस चुनाव में उनके साथ स्व डूडी की सहानुभूति की लहर भी है।
जब तक डूडी थे, तब तक उनके परिवार से किसी ने भी राजनीति में प्रवेश नहीं किया। उनके गम्भीर बीमार होने पर उनकी पत्नी सुशीला डूडी को मैदान में लाया गया और वे नोखा से विधानसभा का चुनाव भी जीती। डूडी की तरह वे क्षेत्र के हर गांव - ढाणी तक पहुंची। जिला परिषद के चुनाव में डूडी परिवार की तरफ से मास्टर स्ट्रोक लगाया गया। क्योंकि कांग्रेस के भीतर डूडी गुट व पूर्व मंत्री गोविंद मेघवाल के बीच सार्वजनिक टकराहट हो गयी। 
यह मास्टर स्ट्रोक डूडी परिवार ने स्व डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी को मैदान में उतारकर लगाया। जबकि पहले इस परिवार की तरफ से एक अकेले रामेश्वर डूडी ही मैदान में आते थे। मगर बदली राजनीतिक परिस्थितियों के कारण डूडी के इकलौते पुत्र अजय सिंह डूडी की धर्मपत्नी निकिता डूडी को जिला परिषद चुनाव में उतारकर कांग्रेस व डूडी परिवार ने मास्टर स्ट्रोक लगाया।
इस मास्टर स्ट्रोक से न केवल विपक्ष भाजपा के नेता विस्मित हुए अपितु कांग्रेस के भीतर के वे गुट भी विस्मित हो गए जो डूडी की अनुपस्थिति में इस चुनाव में अपना वर्चस्व मान चुके थे। स्व डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी के चुनाव प्रचार में ससुर स्व डूडी की झलक दिखी। वे पढ़ी लिखी है और अच्छी वक्ता भी है। उनका पब्लिक कनेक्ट भी डूडी की तरह ही प्रभावी है। जिसका असर ग्रामीणों पर दिखने लग गया। स्व डूडी की सहानुभूति उनके साथ स्वाभाविक रूप से है। अब निकिता डूडी को जिला प्रमुख का प्रबल दावेदार भी माना जा रहा है।
-------
कांग्रेस में दो हैं दावेदार, दोनों तैयार
***
बीकानेर में कांग्रेस यह मानकर बैठी है कि उसे जिला परिषद में अच्छा बहुमत मिलेगा और उन्हीं का जिला प्रमुख बनेगा। सीट अनारक्षित महिला के लिए है तो दरवाजे सबके लिए खुले हुए हैं। प्रमुख रूप से दो नेताओं ने इस पर दावेदारी जताई हुई है। डूडी परिवार से स्व डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी दावेदार है तो पूर्व मंत्री गोविंद मेघवाल की तरफ से उनकी पुत्री सरिता चौहान दावेदार है। इन दोनों के बीच ही कांग्रेस का टिकट जाना है।
इस विषय में जब निकिता डूडी से सवाल किया गया तो उन्होंने सधे हुए शब्दों में जवाब दिया कि टिकट का निर्णय पार्टी करेगी, मुझे तो जिला परिषद का वार्ड 13 से चुनाव जीतना है। वहीं इस विषय में पूर्व मंत्री गोविंद मेघवाल का बयान भी सामने आया कि पार्टी को इस पर निर्णय करना है। पर उन्होंने यह कहकर मामले को ट्विस्ट दिया कि ऐसा जिला प्रमुख बने जो स्वयं जिला परिषद चलाये, किसी की कठपुतली न बने। देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिसनाराम सियाग ने साफ कहा कि पार्टी अध्यक्ष के नाते नहीं, एक कांग्रेस कार्यकर्ता के नाते मेरी पीसीसी चीफ से मांग है कि जिला प्रमुख का उम्मीदवार निकिता डूडी को बनाया जाये। यह किसान केसरी स्व डूडी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। राजनीति में डूडी व मेघवाल की राजनीतिक प्रतिद्वंदिता जग जाहिर रही है। टिकट की गेंद गोविंद डोटासरा के पाले में है, निर्णय वही करेंगे।
------
डूडी परिवार मुस्तैद तो मेघवाल ने भी कसी हुई है कमर
**
जिला प्रमुख चुनाव के लिए स्व रामेश्वर डूडी के समर्थक पूरी तरह से मुस्तैद हैं। डूडी के समर्थक बड़ी संख्या में पूरे ग्रामीण क्षेत्र में है। इस बार युवा व फायरब्रांड नेता शिवलाल गोदारा, पूर्व जिला प्रमुख मोडाराम मेघवाल ने भी जिला परिषद का चुनाव लड़ा है। वहीं डूडी के हर चुनाव के साथी रामनिवास तर्ड भी सक्रिय है। डूडी गुट ने उम्मीदवारों की बाड़ेबंदी भी की है।
वहीं पूर्व मंत्री गोविंद मेघवाल ने भी अपनी पुत्री सरिता चौहान के लिए कमर कसी हुई है। खाजूवाला में उनका वर्चस्व है और उनको पूर्व सीएम अशोक गहलोत का खास माना जाता है। वे भी अपने स्तर पर जिला प्रमुख के चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। अब देखना है कि पार्टी का प्रदेश नेतृत्त्व टिकट किसे देता है। इतना तो तय है कि मेघवाल जिला प्रमुख चुनाव में निकिता डूडी की राह में रोड़े तो अटकाएँगे।
---------
भाजपा को है टकराहट से उम्मीद
***
भाजपा भी अपने जिला परिषद के उम्मीदवारों को विधानसभा क्षेत्रवार प्रशिक्षण शिविर के नाम पर एक जगह एकत्रित कर रही है। भाजपा को इस बात की उम्मीद है कि कांग्रेस के जिस गुट को टिकट नहीं मिलेगा, वह क्रॉस वोटिंग कर कांग्रेस के सामने परेशानी खड़ी करेगा। भाजपा उस स्थिति का लाभ उठाने की कोशिश करेगी, उसी हिसाब से वो रणनीति भी बना रही है। कुल मिलाकर इस बार जिला प्रमुख का चुनाव रोचक होगा। कई तरह की राजनीतिक उठापटक होगी।

FROM AROUND THE WEB