RudraNewsExpress_Logo

जनरंजन : गुटबाजी के दलदल में धस रही कांग्रेस, गेहलोत के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के सवाल पर भड़के डोटासरा!

 

कांग्रेस में लाख कोशिशों के बाद भी भीतरी गुटबाजी थमने का नाम ही नहीं ले रही है। आलाकमान के कई बार के हस्तक्षेप के बाद भी गुटबाजी थमने का बजाय कुछ ज्यादा ही मुखरित होकर सामने आयी है। पहले तो केवल दो गुट कांग्रेस आलाकमान के सामने समस्या बने हुए थे, मगर समय के साथ साथ गुटबाजी समाप्त होने के स्थान पर बढ़ गई। दो से तीन गुट कांग्रेस के भीतर बन गए और यही गुट अब पार्टी के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं।

 

मधु आचार्य ' आशावादी '

लाख कोशिशों के बाद भी कांग्रेस के भीतर की गुटबाजी खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही है। समय के साथ गुटबाजी खत्म होने के बजाय अनवरत बढ़ती ही जा रही है। राज्य में होने वाले हर चुनाव में कांग्रेस में गुटीय टकराहट होती है और उसका बुरा प्रतिफल पार्टी को परिणामों में भुगतना पड़ता है। यह गुटबाजी का सिलसिला पिछली कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार के समय से चल रहा है और उसका हल 8 साल की लंबी अवधि में भी आलाकमान नहीं निकाल सका है।
पिछली बार जब कांग्रेस को सरकार बनाने के लिए बहुमत मिला, तब से ही गुटबाजी की नींव पड़ गई। विपक्ष के समय कांग्रेस संगठन की कमान सचिन पायलट के पास थी। उन्होंने व नेता प्रतिपक्ष स्व रामेश्वर डूडी ने केवल 22 विधायक होने के बाद भी उस समय की भाजपा संघर्ष से संघर्ष करते रहे। उस समय गहलोत केंद्र की राजनीति में सक्रिय रहे। 
विधानसभा चुनाव में जब कांग्रेस को बहुमत मिला तो पायलट स्वाभाविक रूप से मुख्यमंत्री के दावेदार थे। तब पायलट व गहलोत में सीएम के लिए दिल्ली जमकर रस्साकस्सी हुई। केंद्रीय नेतृत्त्व से गहरे सम्बन्ध होने के कारण आखिरकार सीएम की कुर्सी गहलोत को मिली। पायलट को डिप्टी सीएम व प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी से ही संतोष करना पड़ा। पर उस समय से कांग्रेस में गुटबाजी का मजबूत बीज पड़ गया।
कोरोना काल मे पायलट समर्थक विधायकों ने विद्रोह किया और अपनी शिकायत लेकर आलाकमान से मिलने रवाना हो गए। वे मानेसर में रुके, तब यह बात हवा में तैरी कि भाजपा पायलट के सहारे गहलोत सरकार गिराने की कोशिश कर रही है। पायलट ने कहा कि वे केवल अपनी और अन्य विधायकों की भावना आलाकमान तक पहुंचाना चाहते हैं। पार्टी छोड़ने से उन्होंने साफ इंकार किया और अब भी वे पार्टी में बने हुए हैं। मगर तब से राज्य की कांग्रेस दो गुटों, गहलोत व पायलट गुट, में बंटी हुई है और वे दोनों गुट आज भी कायम है।

आलाकमान ने आखिर पायलट की बात सुनी

एक अवधि के बाद आलाकमान ने पायलट की बात सुनी। दिल्ली से दो पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खड़गे व अजय माकन को पर्यवेक्षक बनाकर भेजा। विधायक दल की बैठक बुलाई गई। गहलोत व उनके समर्थकों को भनक लग गयी कि राज्य में सीएम पायलट को बनाया जा रहा है और गहलोत को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जा रहा है। यहीं से गुटबाजी की नींव पड़ी।
तब गहलोत समर्थक विधायकों ने बवावत की। पर्यवेक्षक खड़गे व माकन बैठे रहे मगर बड़ी संख्या में गहलोत समर्थक विधायक बैठक में आये ही नहीं। वे सीधे विधानसभा अध्यक्ष सी पी जोशी के पास पहुंचे और अपना इस्तीफा यह कहते हुए सौंप दिया कि यदि गहलोत को सीएम हटाया जाता है तो उनके इस्तीफे स्वीकार कर लिए जाएं। यह आलाकमान के खिलाफ खुली बगावत थी, जिसके लिए बाद में गहलोत ने सोनिया गांधी से माफी भी मांगी।
आलाकमान ने पायलट को एवज में सीडब्ल्यूसी का सदस्य बनाया, राष्ट्रीय महासचिव बनाया और छत्तीसगढ़ का प्रभार दिया, अब वे पंजाब के प्रभारी है। कांग्रेस के स्टार प्रचारक है। अब राज्य में उनका अपना एक गुट है।

तीसरे गुट का भी हुआ उदय

जिस समय गहलोत व पायलट की टकराहट हुई उस समय गोविंद डोटासरा गहलोत के साथ थे। उनको पीसीसी चीफ बनाया गया। अब उन्हीं डोटासरा का अपना एक गुट है, पूरे राज्य में उनके समर्थक हैं। डोटासरा चूंकि संगठन के मुखिया हैं, इस कारण उनके लोग अब पूरे राज्य में है और अब यही गुट गहलोत गुट के सामने खड़ा है। इस गुट की पायलट गुट से उतनी टकराहट नहीं है, जितनी गहलोत गुट से। इस टकराहट के अनेक उदाहरण सामने भी आये हैं। जिनसे यह टकराहट सार्वजनिक रूप से भी उजागर हो गयी है।

यूं दिखी गहलोत - डोटासरा की टकराहट

गहलोत व डोटासरा के बयानों में तो अनेक बार टकराहट व गुटबाजी की बातें उभरकर सामने आई मगर सार्वजनिक रूप से कोई बड़ी घटना नहीं हुई। पहली सार्वजनिक घटना तब हुई जब आदिवासी नेता महेंद्र जीत सिंह मालवीय के समर्थक कांग्रेस में शामिल हुए। ये समर्थक पहले गहलोत के निवास पर पहले एकत्रित हुए। उनको गहलोत ने संबोधित किया। वहां नारे लगे -- राज्य का मुख्यमंत्री कैसा हो, गहलोत जैसा हो। चौथी बार, फिर गहलोत सरकार।
बाद में जब ये लोग विधिवत रूप से पार्टी में शामिल होने के लिए पीसीसी ऑफिस पहुंचे तो डोटासरा ने तल्खी से कहा, यहां मुख्यमंत्री कैसा हो जैसे नारे नहीं लगेंगे। प्रेस से उन्होंने साफ कहा कि पार्टी से बड़ा कोई नही  होता। मैं पार्टी के लिए प्रतिबद्ध हूँ, किसी नेता के लिए नहीं। इस घटनाक्रम से पहली बार सामने आया कि राज्य कांग्रेस में तीसरा गुट डोटासरा का है। उसकी भी गहलोत से टकराहट है।
अब दूसरी घटना 3 दिन पहले जयपुर की कांग्रेस बैठक में सामने आई। गहलोत समर्थक राधेश्याम तिवारी ने डोटासरा व पायलट समर्थक नेताओं को किसी भी तरह के नारे लगाने से रोका मगर गहलोत के पक्ष में नारे लगवाए।
उस घटना के बाद तीसरा दृश्य सामने आया। गहलोत को कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाने की चर्चाओं का बीच जब इस विषय मे डोटासरा से सवाल किया गया तो वे भड़क गए। बोले, मेरे लिए पार्टी ही बड़ी है। कोई नेता नहीं। मैं पार्टी को मजबूत करने के लिए ही काम करता हूं, व्यक्ति के लिए नहीं करता।

अंतहीन गुटबाजी.........

इन हालातों में लगता है कि कांग्रेस की गुटबाजी इतनी आसानी से समाप्त नहीं हो सकती। यह तो अंतहीन है और पार्टी को इसका खमियाजा भुगतना पड़ेगा। अब आलाकमान  इस स्थिति में क्या रास्ता निकालता है, यह समय बतायेगा।

FROM AROUND THE WEB