RudraNewsExpress_Logo

जेठानंद व्यास को श्रीगंगानगर, दीपक पारीक को हनुमानगढ़, महावीर रांका को चूरू, गोपाल गहलोत को नागौर और रामगोपाल सुथार को झुंझुनूं की जिम्मेदारी

 

RNE Bikaner

भाजपा ने पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों को और तेज करते हुए प्रदेश के सभी जिलों में चुनावी जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देश पर जिला चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति की गई है और 5 अक्टूबर को इसकी सूची जारी की गई। इस सूची में बीकानेर के पांच नेताओं को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देश पर जारी सूची में बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल गहलोत, पूर्व यूआईटी अध्यक्ष महावीर सिंह रांका, भाजपा नेता दीपक पारीक और विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार को जिला चुनाव प्रभारी बनाया गया है।

किसे कहां की जिम्मेदारी?

पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार जेठानंद व्यास को श्रीगंगानगर, दीपक पारीक को हनुमानगढ़, महावीर सिंह रांका को चूरू और गोपाल गहलोत को नागौर जिले का चुनाव प्रभारी बनाया गया है। रामगोपाल सुथार को झुंझुनूं जिले की जिम्मेदारी दी गई है। झुंझुनूं में भाजपा पंचायत चुनाव की तैयारियां पहले ही शुरू कर चुकी है और जिले में 14 पंचायत समितियां तथा 41 जिला परिषद सीटें हैं।

बीकानेर के नेताओं पर पार्टी का भरोसा :

पांचों नेताओं को बीकानेर से बाहर की जिम्मेदारी मिलना संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण है। खास तौर पर पश्चिमी राजस्थान के जिलों में बीकानेर के नेताओं की तैनाती से पार्टी के जिला स्तर के चुनावी प्रबंधन में उनका उपयोग किया जाएगा।


बीकानेर में महेंद्रसिंह सोढी, रेवंतसिंह राजपुरोहित और महावीर सैनी को जिम्मेदारी :

बीकानेर जिले में भाजपा ने महेंद्रसिंह सोढी, रेवंतसिंह राजपुरोहित और महावीर सैनी को जिला चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। इनमें महावीर सैनी हाल ही में हुए बीकानेर नगर निगम चुनाव में भी पार्टी के चुनाव प्रभारी रहे थे। उस चुनाव में भाजपा को 27 वार्डों पर जीत मिली, जबकि कांग्रेस 42 वार्ड जीतकर बहुमत हासिल करने में सफल रही। इधर बीकानेर देहात भाजपा ने भी पंचायत राज चुनाव के लिए जिला चुनाव प्रबंधन समिति गठित कर 20 विभागों में प्रभारी और सह-प्रभारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। यानी पार्टी ने राज्य स्तर से लेकर जिला और बूथ स्तर तक चुनावी संगठन को सक्रिय करना शुरू कर दिया है।

FROM AROUND THE WEB