Movie prime

Keralam : विजयन समर्थकों ने अधिकारियों की गाड़ियों पर किया हमला, 10 ठिकानों पर छापेमारी

 
RNE Network.
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनारई विजयन के घर पर बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी के दौरान भारी हंगामा हो गया। विजयन समर्थकों ने ED अधिकारियों की टीम को घेर लिया और उनकी गाड़ियों पर पत्थर, बोतलें व लाठियों से हमला कर दिया। हमले में कई वाहनों के शीशे टूट गए और गाड़ियों को नुकसान पहुंचा।
जानकारी के अनुसार ED की 12 सदस्यीय टीम बुधवार सुबह करीब 7 बजे तिरुवनंतपुरम के बेकरी जंक्शन स्थित विजयन के किराए के घर समेत 10 ठिकानों पर मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जांच के लिए पहुंची थी। उस समय पिनारई विजयन और उनका परिवार घर में मौजूद था। रेड की खबर फैलते ही CPI और वाम समर्थकों की भीड़ घर के बाहर जुटने लगी।
दोपहर करीब 2 बजे जब ED की टीम बाहर निकली तो प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। समर्थकों ने अधिकारियों की गाड़ियों को घेर लिया, पत्थरबाजी की और वाहनों के रियर व्यू मिरर व हेडलाइट तक तोड़ दिए। मौके पर भारी तनाव की स्थिति बन गई।
4 शहरों में 10 ठिकानों पर छापे :
  • ED ने यह कार्रवाई केरल के चार शहरों में की।
  • तिरुवनंतपुरम में विजयन के किराए के घर पर रेड
  • कन्नूर में उनके पुश्तैनी आवास पर तलाशी
  • कोझिकोड में दामाद और माकपा विधायक पी.ए. मोहम्मद रियास के घर पर छापा
  • अलुवा में CMRL कंपनी के कॉर्पोरेट ऑफिस और कंपनी के MD शशिधरन कार्था के आवास पर कार्रवाई
  • विजयन बोले- “राहुल गांधी को संतुष्टि मिली होगी”
ED की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए पिनारई विजयन ने केंद्र सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “काफी समय से ED मेरे घर की तलाशी लेना चाहती थी। मुझे लगता है कि इस तलाशी से कुछ लोगों को, खासकर राहुल गांधी जैसे व्यक्ति को बहुत संतुष्टि मिली होगी।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है।
बेटी की कंपनी से जुड़ा है मामला :
ED की यह जांच विजयन की बेटी टी वीणा की कंपनी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस’ से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले से संबंधित है। आरोप है कि कोचिन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (CMRL) ने वर्ष 2018-19 में एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को करीब 1.72 करोड़ रुपए मासिक भुगतान किए, जबकि बदले में कोई सेवा नहीं दी गई।
ED को इस लेन-देन में मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका है। इससे पहले आयकर विभाग ने भी इस भुगतान पर सवाल उठाए थे। बाद में इसी आधार पर ED ने PMLA के तहत केस दर्ज किया। मामले की जांच सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस (SFIO) भी कर रहा है।
मंगलवार को ही केरल हाईकोर्ट ने CMRL की वह याचिका खारिज कर दी थी, जिसमें ED जांच रद्द करने की मांग की गई थी।

FROM AROUND THE WEB