RudraNewsExpress_Logo

Khadge की खिलाफत  : PM Modi के पिता पर टिप्पणी से नाराज भाजपा खड़गे के खिलाफ सड़क पर उतरी

खड़गे के खिलाफ पटना से दिल्ली तक सड़कों पर उतरी बीजेपी

 

Rudra News Express New Delhi. 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की विवादित टिप्पणी को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में बीजेपी ने मोर्चा खोल दिया है। पटना से लेकर देश के दूसरे हिस्सों तक बीजेपी नेता और कार्यकर्ता विरोध कर रहे हैं। पार्टी ने खड़गे से माफी मांगने की मांग की है। 

पटना में बीजेपी की महानगर इकाई ने विरोध मार्च निकालकर खड़गे के बयान की निंदा की। पार्टी नेताओं का आरोप है कि राजनीतिक विरोध के नाम पर भाषा की मर्यादा का उल्लंघन किया गया है। बीजेपी ने इस टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर भी सवाल उठाए हैं।

प्रदर्शन

जम्मू से लेकर पटना और दिल्ली तक बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर खड़गे के बयान पर कड़ी नाराजगी जताई। जम्मू में BJYM ने विरोध प्रदर्शन किया, वहीं, पटना में बीजेपी नेताओं ने विरोध मार्च निकाला। वहीं दिल्ली में भी भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के खड़गे के विवादित बयान पर विरोध प्रदर्शन किया। 

चुनावी हार से हताश है कांग्रेस : अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी को मर्यादा के खिलाफ बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी हार से हताश कांग्रेस के पास अब न नीति बची है, न मुद्दे... सिर्फ गाली-गलौज की राजनीति रह गई है।  कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं। 
शाह ने कहा, यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें 'मौत का सौदागर' कहा, तो कभी 'चायवाला' कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया।  शाह ने आगे कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है। जब-जब इन्होंने मोदी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियां की हैं, तब-तब जनता ने करारा जवाब दिया है।

चंबा सदर थाने में शिकायत, एफआईआर की मांग :

भाजपा ने चंबा सदर थाने में शिकायत पत्र सौंपा। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने थाना प्रभारी को शिकायत देकर मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। जय सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के लिए अमर्यादित और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया।

मनोज तिवारी ये बोले : 

भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने खड़गे की टिप्पणी पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग अपनी पहचान ‘बिहारी और संस्कारी’ के रूप में बताते हैं। ऐसे में सभी नेताओं को बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों का ध्यान रखना चाहिए। बिहार की धरती पर आकर देश के प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करना स्वीकार्य नहीं है। नेताओं को अपनी भाषा और बयानबाजी में मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।

FROM AROUND THE WEB