कुलदीप विश्नोई ने पार्टी अध्यक्ष व सांसद रेखा शर्मा को चेतावनी दी
RNE Special.
भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा के स्व भजनलाल विश्नोई पर दिए गए बयान के बाद हरियाणा की राजनीति गर्मा गयी है। उनका बयान भजनलाल विश्नोई पर आपत्तिजनक टिपण्णी कई नेताओं की तरफ से बताया गया और उनसे माफी मांगने के लिए कहा गया।
इस बीच हरियाणा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष बीच में आये और कहा कि यह उनका व्यक्तिगत बयान था। वे एक तरह से बयान का समर्थन करते नजर आए और कहा कि कांग्रेस के शासन में ऐसा ही होता था। मगर उनके बयान में भी चूक हो गयी और स्व भजनलाल विश्नोई समर्थक भड़क गए। क्योंकि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने भी दिवंगत विश्नोई के नाम के आगे बोलते हुए न तो श्री लगाया और न बाद में जी लगाया।
3 दिन चुप रहने के बाद आखिर भजनलाल विश्नोई के सुपुत्र कुलदीप विश्नोई ने प्रतिक्रिया दी। कल एक वीडियो जारी कर उन्होंने भाजपा की राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा के बयान की आलोचना की और कहा कि वे अपने बयान के लिए माफी मांगे। वहीं प्रदेशाध्यक्ष की भाषा से भी वे नाराज दिखे।
अपने वीडियो बयान में कुलदीप विश्नोई ने चेतावनी दी कि यदि रेखा शर्मा ने माफी नहीं मांगी तो मुझे मजबूरन दूसरा कदम उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा को भूलना नहीं चाहिए कि राज्य में दो बार सरकार उनके कारण बनी है। यदि भजनलाल जी का व्यक्तिगत 9 प्रतिशत वोट शिफ्ट नहीं होता तो भाजपा अर्श से फर्श पर आ जाती।

