Morning Walk with CM : लोगों ने साथ चल रहे शख्स को पहचाना तो रह गए हैरान, सेल्फी लेने लगी भीड़
सीएम भजनलाल शर्मा ने आमजन के साथ की मॉर्निंग वॉक, दिया फिटनेस का संदेश
RNE Jaipur.
रविवार सुबह लोक भवन रोड पर टहल रहे लोगों के लिए वह पल खास बन गया, जब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ मॉर्निंग वॉक कर रहा शख्स कोई आम व्यक्ति नहीं, बल्कि खुद प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हैं। जैसे ही लोगों ने उन्हें पहचाना, वहां उत्सुकता बढ़ गई और लोग सेल्फी लेने के लिए जुटने लगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास के बाहर आमजन के बीच सहज अंदाज में मॉर्निंग वॉक की और लोगों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने योग और व्यायाम के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए हर व्यक्ति को रोज थोड़ा समय अपने शरीर के लिए जरूर निकालना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नियमित मॉर्निंग वॉक से पूरे दिन शरीर में ऊर्जा और ताजगी बनी रहती है। मुख्यमंत्री की सादगी और आत्मीयता से प्रभावित होकर बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलते नजर आए।
इस दौरान कई लोगों ने इस खास पल को अपने मोबाइल में कैद किया और मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी लेकर यादगार बना लिया।

