भतीजे तेजस्वी का चाचा नीतीश पर तंज, सोशल मीडिया की पोस्ट में कहा इतिहास में जगह नहीं मिलेगी
RNE Network.
बिहार की राजनीति में नीतीश - तेजस्वी की जोड़ी को चाचा - भतीजे की जोड़ी के रूप में पहचाना जाता है। पहले लालू - नीतीश की जोड़ी भाई - भाई की जोड़ी के रुप में पहचानी जाती थी।
भाई - भाई की जोड़ी व चाचा - भतीजे की जोड़ी एक दूसरे के राजनीतिक रूप से विरोधी रहे है तो कई बार साथ - साथ रहकर सरकार भी बनाई है।

अब चाचा नीतीश, जिनको भतीजे तेजस्वी पलटू चाचा भी कहने लगे थे, नया दांव चला है। खुद के लिए राज्यसभा जाना तय किया है और बिहार की सत्ता भाजपा को सौंपने का निर्णय लिया है। अटल बिहारी वाजपेयी के समय से भाजपा का यह सपना था कि एक दिन बिहार में उनकी पार्टी की सरकार हो। लाख कोशिशों के बाद नरेंद्र मोदी व अमित शाह भी सरकार नहीं बना सके। अब नीतीश कुमार की मेहरबानी से भाजपा का वो अधूरा सपना पूरा हो रहा है।
इस पर भतीजे तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर चाचा नीतीश पर करारा तंज किया है। उन्होंने लिखा है कि सबसे बड़ा गुनाह यह है कि अकेले नीतीश कुमार ने बिहार में बीजेपी को अपने दम पर इतना पनपने - बढ़ने का मौका दिया कि वो 10 सालों में उनसे भी बड़ी पार्टी बन रही है। सत्ता में हिस्सेदारी दी, फलने - फूलने का असीमित अवसर दिया। अंत में जाते जाते भाजपा का मुख्यमंत्री भी बनवा दिया।
अपनी फेसबुक पोस्ट में तेजस्वी ने नीतीश के लिए लिखा है कि आप बिहार की धर्मनिरपेक्ष - समाजवादी राजनीति का साम्प्रदायीकरण करके जा रहे है। आपको इतिहास में जगह नहीं बल्कि लानत मिलेगी।

