बिहार चुनाव में राजस्थान से कोई नेता स्टार प्रचारक नहीं, सीएम भजनलाल, पूर्व सीएम राजे व केंद्रीय मंत्री भी सूची में नहीं
RNE Special.
भाजपा ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची कल रात जारी कर दी। इस सूची में भाजपा के 40 प्रमुख नेताओं को जगह मिली है किंतु ये आश्चर्यजनक तथ्य है कि इस सूची में राजस्थान के किसी भी भाजपा नेता का नाम नहीं है।
राज्य से केंद्र सरकार में मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, भूपेंद्र यादव, अर्जुनराम मेघवाल व भागीरथ चौधरी को भी सूची में जगह नहीं मिल पाई है। इनके अलावा राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा को भी स्टार प्रचारक सूची में शामिल नहीं किया गया है। राजनीतिक गलियारे में इस बात की चर्चा जोरों पर है। सब कयास लगा रहे है कि राज्य का एक भी नेता
स्टार प्रचारक कैसे नहीं ?
संगठन की दृष्टि से नेता जाएंगे:
संगठन की दृष्टि से प्रदेश के कुछ नेताओं को बिहार जरूर भेजा गया है। सीएम भजनलाल आज भी बिहार के दौरे पर रहेंगे। वे सीतामढ़ी स्थित डूमरा में एक सभा को संबोधित करेंगे।