प्रधानमंत्री मोदी आज मुंबई में करेंगे इंडिया मैरीटाइम वीक 2025 का शुभारंभ
RNE Network.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज मुंबई का दौरा करेंगे, जहां वह इंडिया मैरीटाइम वीक (IMW) 2025 के तहत आयोजित मैरीटाइम लीडर्स कॉन्क्लेव को संबोधित करेंगे और ग्लोबल मैरीटाइम सीईओ फोरम की अध्यक्षता करेंगे।ग्लोबल मैरीटाइम सीईओ फोरम में विश्वभर की अग्रणी समुद्री कंपनियों के सीईओ, प्रमुख निवेशक, नीति-निर्माता, इनोवेटर्स और अंतर्राष्ट्रीय साझेदार भाग लेंगे। यह फोरम वैश्विक समुद्री इकोसिस्टम के भविष्य पर गहन चर्चा का मंच बनेगा।
प्रधानमंत्री की यह भागीदारी ‘समुद्री अमृत काल विजन 2047’ के अनुरूप भारत के समुद्री क्षेत्र में एक महत्वाकांक्षी और भविष्योन्मुखी परिवर्तन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस विजन के चार रणनीतिक स्तंभ-बंदरगाह-आधारित विकास, नौवहन और जहाज निर्माण, निर्बाध लॉजिस्टिक तथा समुद्री कौशल निर्माण भारत को दुनिया की अग्रणी समुद्री शक्तियों में स्थापित करने का लक्ष्य रखते हैं।
इंडिया मैरीटाइम वीक 2025, जिसका विषय है “महासागरों का एकीकरण, एक समुद्री दृष्टिकोण”, 31 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में भारत के वैश्विक समुद्री केंद्र और नीली अर्थव्यवस्था में अग्रणी बनने के रणनीतिक रोडमैप को प्रदर्शित किया जा रहा है। इस वर्ष के IMW में 85 से अधिक देशों की भागीदारी है, जिसमें 1 लाख से अधिक प्रतिनिधि, 500 से अधिक प्रदर्शक और 350 अंतर्राष्ट्रीय वक्ता शामिल हैं।

