हरियाणा, बिहार व ओडिशा में आज मतदान, 3 राज्यों की 11 सीटों के लिए होगा चुनाव, क्रॉस वोटिंग का डर
RNE Network.
राज्यसभा की 11 सीटों के लिए आज मतदान होगा और आज ही चुनाव परिणाम घोषित किया जायेगा। आज बिहार की 5, ओडिशा की 4 और हरियाणा की 2 सीटों के लिए मतदान होना है। इन चुनावों को लेकर इन राज्यों में सियासी पारा चढ़ा हुआ है।
इस बार राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव में 37 सीटों पर चुनाव होना था 10 राज्यों में। 7 राज्यों की 26 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया। शेष 2 राज्यों की 11 सीटों पर आज चुनाव होगा। असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, तेलंगाना, हिमाचल , महाराष्ट्र व छत्तीसगढ़ में निर्विरोध चुनाव हो चुके।
विधायकों की घेराबंदी:
क्रॉस वोटिंग के डर से इन राज्यों के विधायकों की घेराबंदी की गई है। बिहार में राजद नेता तेजस्वी यादव एआईएमआईएम की इफ्ताए पार्टी में पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि राज्यसभा चुनाव में हम सभी धर्मनिरपेक्ष दल मिलकर भाजपा को हराएंगे।
दूसरी तरफ ओडिशा में भाजपा ने अपने विधायकों को पारादीप भेज दिया। पार्टी ने दो अपने और एक निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थन के साथ 3 सीट जीतने का दावा किया है।
हरियाणा में राज्यसभा की 2 सीटों के लिए भाजपा के संजय भाटिया, कांग्रेस के कर्मवीर सिंह बौद्ध व भाजपा समर्थित निर्दलीय सतीश नांदल मैदान में है। हर उम्मीदवार को उच्च सदन में पहुंचने के लिए 31 मतों की आवश्यकता है।

