Rajasthan 21 IPS Transfer : ओम प्रकाश बीकानेर IG, जोधपुर, jaipur, कोटा के आईजी बदले
Feb 24, 2026, 18:50 IST
RNE Jaipur
राजस्थान के पुलिस बेडे में सोमवार देर रात बड़ा बदलाव करते हुए 21 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किये गये है। कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार डॉ. हवा सिंह घुमारिया को पुलिस हैडक्वार्टर में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं विपिन कुमार पांडे को अपराध शाखा का अतिरिक्त महानिदेशक बनाया गया है। प्रफुल्ल कुमार को एडीजी इंटेलीजेंस की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं शरद कविराज को जोधपुर पुलिस आयुक्त लगाया गया है। इसी तरह ओम प्रकाश जयपुर में विशेष आयुक्त ऑपरेशन्स होंगे। अधिकांश अफसरों को प्रमोशन के बाद नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जोधपुर और जयपुर के शीर्ष पुलिस पदों पर बदलाव के साथ जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और कोटा रेंज में भी व्यापक स्तर पर परिवर्तन किए गए हैं।
जोधपुर-जयपुर में बड़े बदलाव :
शरत कविराज को एसओजी से हटाकर जोधपुर का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया।
जोधपुर पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश को जयपुर का स्पेशल पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया।
जयपुर के स्पेशल पुलिस कमिश्नर राहुल प्रकाश को जयपुर रेंज का नया आईजी बनाया गया।
चार रेंज में IG स्तर पर बदलाव :
- सत्येंद्र सिंह को आईजी (सीआईडी सीबी) से आईजी जोधपुर रेंज लगाया गया।
- ओम प्रकाश-2 को आईजी बीकानेर रेंज नियुक्त किया गया।
- बीकानेर रेंज के आईजी हेमंत कुमार शर्मा को आईजी एससीआरबी जयपुर लगाया गया।
- अजय पाल लांबा को आईजी एसओजी जयपुर की जिम्मेदारी दी गई।
प्रमोशन के बाद नई पोस्टिंग :
हवा सिंह घुमरिया को एडीजी मुख्यालय, विपिन कुमार पांडे को एडीजी पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड, प्रफुल्ल कुमार को प्रमोट कर एडीजी इंटेलिजेंस, राघवेंद्र सुवासा को एडीजी ट्रेनिंग, राजेश मीणा को आईजी होमगार्ड जयपुर, एस. परिमल को आईजी एसीबी बनाया गया है। इसके साथ ही एटीएस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स संभाल रहे विकास कुमार से एटीएस का जिम्मा वापस लिया गया है। उन्हें अब केवल एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का कार्यभार दिया गया है। राजेश सिंह को आईजी एटीएस जयपुर नियुक्त किया गया है। सत्येंद्र कुमार को आईजी एससीआरबी से सीईओ, राजस्थान इंस्टीट्यूट फॉर ट्रांसपोर्टेशन एंड इनोवेशन (RITI) जयपुर लगाया गया है। इसके अलावा प्रीति चंद्र, हरेंद्र कुमार महावर, राहुल कोटकी और कालूराम रावत सहित कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

