Rajasthan Vidhansabha : एमएलए रोहित बोहरा के इशारे ने तूल पकड़ा, मंत्री बोले-सदस्यता खत्म करो!
कृपलानी ने मुद्दा उठाया, मंत्री पटेल, गहलोत बोले कार्रवाई हो, रफीक खान ने कहा-नरमी बरतें
Updated: Feb 13, 2026, 18:39 IST
सत्तापक्ष बोला-कार्रवाई हो, विपक्ष ने कहा-नरमी बरतें
RNE Jaipur-Rajasthan.
राजस्थान विधानसभा में एक एमएलए की ओर से ओर से सदन की चलती कार्यवाही के दौरान किये गये इशारे को अभद्र बताते हुए इस आचरण को गरिमा और मर्यादा के विपरीत बताया गया है। विधानसभा में यह मुद्दा अब तूल पकड़ गया है।
यहां नीचे क्लिक करके देखे वीडियो 👇👇
भाजपा विधायक, पूर्वमंत्री श्रीचंद कृपलानी ने आज यह मुद्दा सदन में उठाया। इस पर सत्तापक्ष के मंत्रियों-सदस्यों ने इस मामले में कार्रवाई करने की मांग उठाई। संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने तो यहां तक कह दिया कि ऐसे विधायक को सदस्य बने रहने का अधिकार नहीं है। हालांकि कांग्रेस के मुख्य सचेतक रफीक खान ने मामला गरमाता देख बीच-बचाव भी किया। इन सबके बीच विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पूरे मामले की जांच करने और वीडियो देखने के बाद कार्रवाई करने की बात कही है।
दरअसल यह घटनाक्रम गुरुवार को तब का है जब बूंदी के विधायक हरिमोहन शर्मा बोल रहे थे। इसी दौरान इनके पीछे वाली दीर्घा में बैठे कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा दूसरी तरफ बैठे किसी शख्स से इशारों में बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने ऐसा इशारा किया जिसे अशोभनीय कहा जा सकता है। इस दौरान महिला विधायक भी आस-पास ही बैठी थीं।
श्रीचंद कृपलानी ने उठाया मसला:

सोशल मीडिया और मीडिया में यह मामला उछलने के बाद शुक्रवार को निम्बाहेडा के विधायक एवं पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने इस मुद्दे को उठाया। कृपलानी ने कहा, रोहित बोहरा ने जिस तरह का व्यवहार दिखाया हे सब अखाबारों और संपादकीय में छपा है। यह बहुत गंभीर मामला है। विधायक माफी मांगें या जो अध्यक्ष तय करे वह कार्रवाई हो लेकिन कार्रवाई जरूर हो।
मंत्री पटेल बोलेः सदस्य रहने का अधिकार नहीं

संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने इस मसले को अत्यंत गंभीर बताते हुए यहां तक कह डाला कि ऐसा आचरण मर्यादा के अनुरूप है। ऐसा करने वाले को सदन का सदस्य रहने का अधिकार नहीं है। यह गंभीर विषय है क्योंकि विधानसभा की चलती कार्रवाई के दौरान इस पर संपादकीय लिखे जाते हैं तो यह बहुत गंभीर है। इनका अचारण ठीक नहंी है। ऐसे सदस्य को सदन में रहने का अधिकार नहीं है।
कांग्रेस ने कहा, पहले जैसा हुआ वैसा करें:
आदर्श नगर के विधायक और कांग्रेस के मुख्य सचेतक रफीक खान ने कहा, जिस तरह का मुद्दा उठाया जा रहा है,उतनी बड़ी भी बात नहीं है। पहले भी सदन में कई मसले आए हैं। पहले भी ऐसे मसले हुए है।। मेरे खिलाफ अपशब्द बोले गए हैं। अध्यक्ष ने उन्हें कार्रवाई से निकलवाया है। ऐसे में पहले जिस तरह की कार्रवाई होती रही है वैसे कार्रवाई करें। सदन में हम मिल-बैठकर मसला सुलझाएं। इस पर मंत्री अविनाश गहलोत ने खड़े होकर सवाल किया, जैसा आचरण हुआ है क्या कांग्रेस इससे सहमत है! इसका खंडन करती है या नहीं।

मामला गरमाता देख विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा, दोनों पक्षों की तरफ से बात आ गई। इस पर जो चर्चा सामने आई है वह विषय बहुत गंभीर है। हमें 08 करोड़ जनता यू-टयूब से देखती है। ढाई से तीन लाख लोगों से चुनकर आते हैं। सदन के सदस्य से अपेक्षा होती है कि वह गरिमामय व्यवहार करें। मर्यादा में रहे। अभी जो मुद्दा उठाया है उसका वीडियो देखूंगा। गरिमा के अनुकूल व्यवहार नहीं हुआ तो कार्रवाई होगी।

