Movie prime

Rajasthan Budget 2026-27 : BJP नेताओं ने  महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, युवा रोजगार की दिशा में बताया ऐतिहासिक बजट

 

RNE Bikaner. 
 

राजस्थान विधानसभा में वित्त मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 पर बीकानेर भाजपा नेताओं ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। नेताओं ने बजट को महिला सशक्तिकरण, किसान हित और युवा उन्नयन की दिशा में महत्वपूर्ण बताया है।

जानिए किसने क्या कहा : 

महिलाओं को सशक्त करने वाला बजट – सिद्धि कुमारी

बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी ने कहा कि यह बजट महिलाओं को सशक्त करने के साथ हर वर्ग को लाभ पहुंचाने वाला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लखपति दीदी योजना में ऋण सीमा 1 लाख से बढ़ाकर 1.50 लाख रुपये करना सराहनीय कदम है।
 

उन्होंने बताया कि 50 करोड़ रुपये की लागत से नए महिला पुनर्वास केंद्र खुलेंगे तथा किशोरी बालिकाओं को पूरक पोषाहार से लगभग 50 हजार बालिकाएं लाभान्वित होंगी। सिद्धि कुमारी ने मजबूत रोड नेटवर्क और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर भी सरकार के फोकस की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और वित्त मंत्री का आभार जताया।

विकसित राजस्थान की दिशा में बजट : श्याम पंचारिया

भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कहा कि यह बजट विकसित राजस्थान की संकल्पना को साकार करने वाला है।
उन्होंने बताया कि अगले वर्ष 50 हजार सोलर पंप लगाने के लिए 1,500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कृषि यंत्रों की खरीद पर 160 करोड़ रुपये का अनुदान, 8 हजार डिग्गियों का निर्माण, 36 हजार फार्म पॉन्ड पर अनुदान तथा 50 हजार किसानों को तारबंदी के लिए 288 करोड़ रुपये की सहायता दी जाएगी।

 

35 लाख किसानों को 25 हजार करोड़ रुपये के ब्याज मुक्त फसली ऋण तथा सहकारी बैंकों से दीर्घकालीन ऋण पर 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान को उन्होंने किसानों के लिए बड़ी राहत बताया। भाजपा जिला महामंत्री दिलीप सिंह राजपुरोहित, तोलाराम कूकना और कैलाश सियाग ने भी बजट की सराहना की।

क्षेत्रीय संतुलन के साथ हर वर्ग के लिए बजट : जेठानन्द

बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानन्द व्यास ने कहा, युवा किसान महिला सबके लिए बजट है। ऐसा सरकार पिछली किसी सरकार ने नहीं दिया है जो हमारी सरकार ने दिया है। प्रत्येक विधायक के क्षेत्र की चिंता की है। राजनीति से ऊपर उठकर लाया गया बजट है। मेरे क्षेत्र में आशा थी उतना हमें मिला है। मैं दावे से कह सकता है कि मुख्यमंत्री भजनलालजी पूरे प्रदेश की समान चिंता करते हैं।

डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता : मनीष सोनी

भाजपा मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बजट को डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट आम आदमी की सुरक्षा और सुविधा पर केंद्रित है तथा ‘हर घर खुशहाली’ के संकल्प को साकार करेगा। स्वास्थ्य, पेयजल, ट्रांसपोर्ट और किसान-युवा कल्याण के प्रावधानों को उन्होंने ऐतिहासिक बताया।

बजट से बीकानेर पूर्व विधानसभा में बिछेगा सड़कों का जाल– मोहन सुराणा

भाजपा नेता एवं पूर्व महामंत्री मोहन सुराणा ने कहा कि बजट से बीकानेर पूर्व विधानसभा में सड़कों का जाल बिछेगा। बीकानेर पूर्व विधानसभा की सड़को के लिए 5 करोड़ का बजट देने पर भाजपा नेता मोहन सुराणा ने वित्त मंत्री दिया कुमारी ओर विधायक सिद्धि कुमारी का आभार जताया। बीकानेर के साथ आज प्रदेश के ऐतिहासिक बजट के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताया। कहा,  ये बजट राजस्थान के विकास के लिए शानदार बजट होगा विकसित राजस्थान के लिए, राजस्थान के संपूर्ण विकास के लिए, राजस्थान की जनता के लिए यह बजट है. समावेशी बजट, बहुत अच्छा बजट होगा।

युवाओं के लिए नई पहल : पंकज अग्रवाल

भाजपा युवा मोर्चा महामंत्री पंकज अग्रवाल ने कहा कि बजट ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ के मूल मंत्र पर आधारित है।
 

उन्होंने बताया कि 50 हजार कॉलेज विद्यार्थियों के लिए ड्रीम प्रोग्राम, 1,000 युवाओं को विदेशी भाषाओं (अंग्रेजी, जापानी, कोरियन) का प्रशिक्षण, प्रत्येक जिले में इंडस्ट्री पार्टनर के साथ सेंटर, 30 करोड़ रुपये से टेक्नो हब और एआई स्टार्टअप प्रोग्राम शुरू किए जाएंगे।
राजस्थान टेस्टिंग एजेंसी की स्थापना को उन्होंने पारदर्शी भर्ती की दिशा में बड़ा कदम बताया।

हर वर्ग को ध्यान में रखा गया : भूपेंद्र शर्मा

भाजपा जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा ने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद राज्य विकास की राह पर अग्रसर है। उन्होंने उपनिवेशन विभाग के राजस्व में विलय को किसानों के हित में बताया और बजट को ऐतिहासिक करार दिया।

लोककल्याणकारी और दूरदर्शी : विजय बाफना

भाजपा आईटी विभाग के सह संयोजक विजय बाफना ने बजट को पूर्णतः लोककल्याणकारी और दूरदर्शी बताया। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण पर केंद्रित प्रावधान प्रदेश को प्रगति और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ाएंगे।

बीकानेर को मिली बड़ी सौगात NDPS कोर्ट : अशोक प्रजापत

इधर, बीकानेर जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में NDPS (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस) कोर्ट खोलने की प्रक्रिया को मंजूरी मिल गई है। भाजपा नेता एवं राजस्थान हाई कोर्ट के एसपीसी एडवोकेट अशोक प्रजापत ने बताया कि केंद्र सरकार और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के प्रयासों से यह स्वीकृति मिली है।
 

बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं ने इसे न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ करने वाला कदम बताया। अधिवक्ता अशोक प्रजापत, चतुर्भुज सारस्वत, संजय रामावत, सजीद मकसूद, योगेश रामावत और रेखा नागल सहित वकीलों के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया।

FROM AROUND THE WEB