राजस्थान राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस में टिकट को लेकर मंथन तेज, संख्या बल के आधार पर एक सीट मिलेगी कांग्रेस को
RNE Network.
अगले महीनें अन्य राज्यों के साथ राजस्थान की 3 राज्यसभा सीटों पर भी चुनाव होंगे। विधायकों के संख्या बल के आधार पर 2 सीट भाजपा को व 1 सीट कांग्रेस को मिलना तय है।
जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होना है, वे है भाजपा से रणवीर सिंह बिट्टू व राजेन्द्र गहलोत। वहीं कांग्रेस से नीरज डांगी का कार्यकाल पूरा हो रहा है। कांग्रेस की एक सीट के लिए कई नेता दावेदारी जता रहे है और दिल्ली तक लॉबिंग कर रहे है।
कांग्रेस की तरफ से जिन नामों पर चर्चा हो रही है उनमें पवन खेड़ा, भंवर जितेंद्र सिंह, सी पी जोशी, दिनेश खोड़निया के नाम लिए जा रहे है। वहीं इस बार माइनॉरिटी की तरफ से भी रफीक मंडलियां व एम डी चौपदार का नाम चर्चा में है।
निवर्तमान सदस्य नीरज डांगी के नाम की भी चर्चा है। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस नया नाम लाकर हरियाणा की तरह चकित भी कर सकती है। क्योंकि अभी जो 5 सांसद है उनमें से 4 बाहरी है। सोनिया गांधी, मुकुल वासनिक, प्रमोद तिवारी व रणदीप सिंह सुरजेवाला बाहरी है, राज्य के केवल नीरज डांगी है। अब आलाकमान क्या रणनीति अपनाता है, ये तो वक़्त ही बतायेगा।

