रेवन्त रेड्डी बोले, राम अमीरों के, शिव गरीबों के!!! भगवान राम और शिव पर तेलंगाना सीएम के बयान पर विवाद
RNE, NETWORK.
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के भगवान राम और शिव को लेकर दिए गए बयान पर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। दिल्ली में एक कार्यक्रम में रेड्डी ने कहा कि वह द्रविड़ है और उनकी अपनी परम्पराएं है।
उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत में लोग भगवान शिव के भक्त हैं, जबकि उत्तर भारत में भगवान राम की भक्ति की जाती है। रेड्डी ने शिव को गरीबों का और राम को अमीरों का भगवान बताते हुए कहा कि भाजपा अमीरों की पार्टी है, इसलिए उसके नेता ' जय श्री राम ' बोलते हैं ' हर हर महादेव ' नहीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने भगवान राम को राजनीतिक प्रतीक बना लिया। रेड्डी ने दक्षिण के लोगों को द्रविड़ व उत्तर के लोगों को आर्य बताया। भाजपा नेताओं ने रेड्डी के इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
देवताओं के नाम पर राजनीति का केंद्रीय मंत्री का आरोप
केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने कहा कि रेवंत रेड्डी भगवान राम और शिव के बीच राजनीतिक लकीर खींच रहे हैं। तेलंगाना में वेमुलावाड़ा ' दक्षिण काशी ' और भद्राचलम ' दक्षिण अयोध्या ' है। उन्होंने कहा कि राम और शिव को भूगोल के आधार पर नहीं बांटना चाहिए। कांग्रेस देवताओं के नाम पर लोगों को बांटने की राजनीति कर रही है।

