शशि थरूर की केंद्र को सलाह- जल्दबाजी में किया फैसला देश के लिए खतरनाक हो सकता है
"Delimitation Will Be Political Demonetisation" शशि थरूर
RNE New Delhi.
लोकसभा में डिलिमिटेशन को लेकर छिड़ी बहस के बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने केंद्र सरकार को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर जल्दबाजी में डिलिमिटेशन लागू किया गया, तो यह “पॉलिटिकल नोटबंदी” साबित हो सकता है।
थरूर ने 2016 की नोटबंदी का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे उस फैसले के असर बाद में सामने आए, वैसे ही डिलिमिटेशन भी देश के संघीय ढांचे को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने साफ कहा—“डिलिमिटेशन मत कीजिए, इसे दोबारा सोचिए।”
महिला आरक्षण से जोड़ने पर उठाए सवाल :
थरूर ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे को डिलिमिटेशन से जोड़ना सही नहीं है। “महिला आरक्षण तुरंत लागू किया जा सकता है, इसे जटिल प्रक्रिया से क्यों बांधा जा रहा है?” थरूर ने चेताया कि डिलिमिटेशन से उन राज्यों को ज्यादा राजनीतिक ताकत मिल सकती है, जहां जनसंख्या नियंत्रण कम हुआ है, जबकि दक्षिण के राज्यों को नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि डिलिमिटेशन जैसे संवेदनशील मुद्दे पर व्यापक चर्चा होनी चाहिए, न कि इसे जल्दबाजी में लागू किया जाए।

