सुप्रिया सुले ने महायुति में जाने की अटकलें खारिज की, भाजपा पर सुप्रिया ने राम मंदिर को लेकर तीखे हमले किये
RNE Special.
एनसीपी ( शरद पवार ) की कार्यकारी अध्यक्ष व शरद पवार की पुत्री लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने एनसीपी के महायुति में जाने की अटकलों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।
शिव सेना उद्धव के 6 सांसदों के टूटकर शिव सेना शिंदे में जाने के बाद यह चर्चाएं जोरों पर थी कि एनसीपी शरद भी महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी छोड़कर अब महायुति के साथ जा रही है। सुप्रिया सुले को केंद्र में मंत्री बनाया जा रहा है। इस तरह की राजनीतिक चर्चाओं के मध्य स्वयं सुप्रिया सुले मीडिया के सामने आई और इस तरह की सभी अटकलों को पूरी तरह से खारिज किया।
मीडिया से बात करते हुए सुप्रिया सुले ने कई मुद्दों पर केंद्र व महाराष्ट्र सरकार को घेरा। उन्होंने राम मंदिर, किसानों की कर्जमाफी और मुंबई - पुणे एक्सप्रेसवे की स्थिति को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने महायुति के साथ जाने की बात पर तंज कसा। उन्होंने संकेत दिया कि इस तरह की चर्चाओं में कोई सच्चाई नहीं है।
वहीं, शरद पवार की एनसीपी के एनडीए में विलय की खबरों पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का बड़ा बयान सामने आया है। दिल्ली दौरे पर आए सीएम फडणवीस ने कहा है कि महाराष्ट्र में इस तरह की कोई बात नहीं है। एनडीए में जो दल है, वही रहेंगे। किसी नए दल के आने की कोई संभावना नहीं।

