Suvendu Adhikari ने भगवा पहन सीएम पद की शपथ ली, पीएम मोदी ने बधाई दी
RNE Kolkata.
पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को ऐतिहासिक बदलाव दर्ज हुआ, जब भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल आर.एन. रवि ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। पश्चिम बंगाल में पहली बार कमल खिलने के इस मौके पर बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री अधिकारी ने भगवा रंग के कपड़े पहन शपथ ली।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। समारोह के दौरान पूरे मैदान में “जय श्रीराम” और “भारत माता की जय” के नारों से माहौल गूंज उठा।

भाजपा की इस जीत के साथ ही पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के शासन का अंत हो गया। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल किया। इसके बाद शुक्रवार को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया था।
टैगोर को श्रद्धांजलि देकर शुरू हुआ दिन :
शपथ ग्रहण से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सुवेंदु अधिकारी ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा ने इसे “सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और विकास की नई शुरुआत” बताया।

नंदीग्राम से कोलकाता तक जश्न :
सुवेंदु अधिकारी के गृह क्षेत्र पूर्व मेदिनीपुर और नंदीग्राम में भाजपा समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने गुलाल उड़ाया, मिठाइयां बांटी और विजय जुलूस निकाले।
शाह बोले- जनता ने बदलाव पर लगाई मुहर :
विधायक दल की बैठक में अमित शाह ने कहा कि बंगाल की जनता ने विकास, सुशासन और राजनीतिक हिंसा से मुक्ति के लिए भाजपा को जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राज्य नई दिशा में आगे बढ़ेगा।

विपक्ष के नेता से मुख्यमंत्री तक :
सुवेंदु अधिकारी 2021 से पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा रहे थे। नंदीग्राम सीट से उन्होंने ममता बनर्जी को हराकर राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी पहचान बनाई थी। अब वे बंगाल में भाजपा सरकार के पहले मुख्यमंत्री बनकर इतिहास रच चुके हैं।

