Movie prime

Tamilnadu: थलापति विजय का शपथ ग्रहण बना ‘ब्लॉकबस्टर शो’, चेन्नई में उमड़ा जनसैलाब

 

RNE Chennai.

तमिलनाडु की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव करते हुए अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय उर्फ ‘थलापति विजय’ ने रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल आर.एन. अरलेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन कर सत्ता तक पहुंच बनाई। 

विजय के साथ 9 मंत्रियों ने भी शपथ ली। कांग्रेस, वाम दलों, वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन से TVK ने विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा पार किया। रिपोर्ट्स के अनुसार विजय को 234 सदस्यीय सदन में 120 विधायकों का समर्थन मिला। 

शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी समेत कई राष्ट्रीय नेता और फिल्म जगत की हस्तियां मौजूद रहीं। चेन्नई में जगह-जगह बड़े एलईडी स्क्रीन लगाकर समारोह का लाइव प्रसारण किया गया और समर्थकों ने जश्न मनाया। 

अभिनेता से नेता बने थलापति विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ का समारोह किसी राजनीतिक कार्यक्रम से ज्यादा साउथ की ब्लॉकबस्टर फिल्म के क्लाइमेक्स जैसा नजर आया। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हजारों समर्थकों की मौजूदगी, विजय के प्रवेश पर गूंजते नारों, विशाल एलईडी स्क्रीन, आतिशी माहौल और फिल्मी अंदाज ने पूरे आयोजन को मेगा शो में बदल दिया।

जैसे ही विजय सफेद शर्ट और पारंपरिक वेशभूषा में मंच पर पहुंचे, पूरा स्टेडियम “थलापति… थलापति…” के नारों से गूंज उठा। समर्थकों ने मोबाइल फ्लैशलाइट जलाकर स्वागत किया, जबकि बाहर सड़कों पर ढोल-नगाड़ों और डांस का माहौल दिखा। कई जगह विजय की फिल्मों के गानों पर समर्थक झूमते नजर आए।

समारोह में राजनीति और सिनेमा का अनोखा संगम देखने को मिला। फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों के साथ राष्ट्रीय नेताओं की मौजूदगी ने आयोजन को और भव्य बना दिया। विजय ने शपथ लेने के बाद हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन किया तो स्टेडियम में तालियों की गड़गड़ाहट देर तक सुनाई देती रही।

तमिलनाडु में यह बदलाव इसलिए भी बड़ा माना जा रहा है क्योंकि दशकों से राज्य की राजनीति DMK और AIADMK के इर्द-गिर्द घूमती रही है। विजय के मुख्यमंत्री बनने को राज्य की राजनीति में “नई पारी” के रूप में देखा जा रहा है।

FROM AROUND THE WEB