UDH मंत्री झाबारसिंह खर्रा ने बीकानेर में अधिकारियों की क्लास ली, विधायकों ने फीडबेक दिया
RNE Bikaner.
राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास (UDH) मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने बीकानेर सर्किट हाउस में नगर विकास, आधारभूत सुविधाओं और विभिन्न शहरी परियोजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में शहर की पेयजल, सफाई, सड़क, सीवरेज, नगर विकास तथा बीडीए से जुड़े कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल तथा नोखा विधायक ताराचंद सारस्वत भी मौजूद रहे। इसके अलावा बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) आयुक्त सिद्धार्थ, नगर निगम एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी भाग लिया।

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखा। विशेष रूप से शहरी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने, लंबित परियोजनाओं को गति देने तथा आमजन से जुड़े कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया।
UDH मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की प्राथमिकता वाले विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण, सीवरेज नेटवर्क, जल निकासी, नगर निगम की योजनाओं और बीडीए की विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच विभिन्न विकास कार्यों को लेकर अलग-अलग स्तर पर भी चर्चा हुई। माना जा रहा है कि आगामी दिनों में बीकानेर शहर की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को गति मिल सकती है।

