Movie prime

UDH मंत्री खर्रा की पत्रकारों से तीखी नोकझोंक, सीवर-डेंगू के सवाल पर भड़के

 
पाली की प्रेस वार्ता में गरमाया माहौल, मंत्री बोले—‘मैं एक-एक को पहचान गया हूं’
RNE Pali.
राजस्थान सरकार के नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन (UDH) मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पाली में आयोजित प्रेस वार्ता उस समय विवादों में घिर गई, जब शहर की सीवर व्यवस्था और डेंगू के बढ़ते मामलों को लेकर पूछे गए सवालों पर मंत्री पत्रकारों से उलझ पड़े। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला प्रदेशभर में चर्चा का विषय बन गया है।

Jhabar singh kharra

जानकारी के अनुसार, पत्रकारों ने पाली शहर में लंबे समय से बनी सीवर समस्या, गंदगी और डेंगू के बढ़ते प्रकोप को लेकर मंत्री से सवाल किए। सवालों की बौछार के बीच मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि “यहां सकारात्मक कम और नकारात्मक लोग ज्यादा हैं।” उन्होंने मीडिया के कुछ प्रतिनिधियों पर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप भी लगाया।
स्थिति तब और अधिक तनावपूर्ण हो गई जब मंत्री ने बहस के दौरान एक पत्रकार को खुली चुनौती देते हुए कहा कि “मैं एक-एक को पहचान गया हूं।” मंत्री की इस टिप्पणी के बाद प्रेस वार्ता का माहौल गर्मा गया और पत्रकारों तथा मंत्री के बीच तीखी बहस देखने को मिली।
वीडियो वायरल, विपक्ष को मिला मुद्दा
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया। विपक्षी दलों ने मंत्री के व्यवहार को लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रेस की स्वतंत्रता के खिलाफ बताते हुए सरकार पर निशाना साधा है। वहीं स्थानीय पत्रकार संगठनों और सामाजिक संगठनों ने भी मंत्री के बयान पर आपत्ति जताई है।

जनहित के मुद्दों पर उठे सवाल

पाली में सीवर जाम, गंदगी और डेंगू की समस्या लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। ऐसे में जनस्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर जवाब मांगने को लेकर पत्रकारों और मंत्री के बीच हुआ यह टकराव अब प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ता नजर आ रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले बीकानेर में भी मंत्री खर्रा एक फरियादी से उलझ गए थे। वह घटना भी खूब चर्चित रही।

FROM AROUND THE WEB