Movie prime

Keralam कौन बनेगा CM : V.D. Satishan - K.C. Venugopal के समर्थकों में सीएम पद के लिये पोस्टर वॉर

 

RNE Keralam-New Delhi. 

केरल में चुनावी नतीजों के बाद नई सरकार के गठन और मुख्यमंत्री के चयन को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। राज्य में मुख्यमंत्री पद किसे मिलेगा, इस पर कांग्रेस आलाकमान की निगाहें पूरी तरह टिकी हुई हैं।


मुख्यमंत्री पद की दौड़ में मुख्य रूप से के.सी. वेणुगोपाल और वी.डी. सतीशन के नाम सामने आ रहे हैं। दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच अब खुलकर ‘पोस्टर वॉर’ भी देखने को मिल रहा है। तिरुवनंतपुरम, कोट्टायम, कोझिकोड, एर्नाकुलम और इडुक्की जैसे जिलों में दोनों नेताओं के समर्थन में बड़े-बड़े पोस्टर और फ्लेक्स लगाए गए हैं।


वी.डी. सतीशन समर्थकों का दावा है कि उन्हें कम से कम 35 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। वहीं, वेणुगोपाल खेमे का कहना है कि अधिकांश विधायक उनके पक्ष में हैं और पार्टी में उनकी स्थिति मजबूत है। कुछ नेताओं का यह भी मानना है कि वरिष्ठता और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए नेतृत्व का निर्णय लिया जाना चाहिए।


इसी बीच सतीशन के समर्थकों ने उन्हें अगला मुख्यमंत्री बताते हुए कई स्थानों पर बैनर और कटआउट लगाए हैं, जबकि उनके समर्थन में रैलियां और प्रदर्शन भी किए जा रहे हैं।


अंतिम निर्णय पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और आवश्यकता पड़ने पर सोनिया गांधी के साथ चर्चा के बाद लिया जाएगा। कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने केरल विधानसभा चुनाव में 140 में से 102 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है।


पार्टी द्वारा नियुक्त एआईसीसी पर्यवेक्षक मुकुल वासनिक और अजय माकन ने तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस विधायकों और यूडीएफ सहयोगी दलों के नेताओं से विस्तृत चर्चा की। इसके तहत सभी 63 कांग्रेस विधायकों से अलग-अलग राय ली गई और मुख्यमंत्री पद को लेकर उनकी पसंद गोपनीय रूप से जानी गई।


यूडीएफ के प्रमुख सहयोगी दलों, विशेष रूप से इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने भी यह सुझाव दिया है कि मुख्यमंत्री चयन से पहले सभी सहयोगियों की राय को महत्व दिया जाना चाहिए।

FROM AROUND THE WEB