क्या आज विधानसभा पहुंचेंगे गोविंद डोटासरा?, कल कांग्रेस विधायक दल की बैठक में शामिल हुए थे, मानसून सत्र के पहले दिन नहीं दिखे विधानसभा में
अभिषेक आचार्य
RNE Special.
एक दिन के अवकाश के बाद आज फिर राज्य विधानसभा की कार्यवाही शुरू होगी। मानसून सत्र के पहले दिन जमकर हंगामा हुआ और कार्यवाही विधानसभा अध्यक्ष ने बुधवार तक स्थगित कर दी। आज सदन फिर बैठेगा।
पहले दिन की तरह आज भी एक ही सवाल सदन के सदस्यों के दिमाग में उमड़ता रहेगा। वो सवाल ये है कि क्या कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष व फायर ब्रांड नेता गोविंद डोटासरा आज सदन में आएंगे क्या? वे अकेले ही अब तक सरकार व उनके मंत्रियों को घेरते रहे है। सदन में तीखी नोंकझोंक उनकी मंत्रियों से होती रही है।
मामला यूं बिगड़ा:
पिछले सत्र में कांग्रेस के कुछ विधायक डोटासरा की अगुवाई में अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से भिड़ गए। भाषा की भी समस्या आई। गुस्से में अध्यक्ष ने डोटासरा सहित कुछ विधायको का सदन से निलंबन कर दिया।
सत्ता व विपक्ष के मध्य तकरार बढ़ गयी। सदन ठप्प हो गया। अध्यक्ष डोटासरा से माफी मांगने की बात कहते रहे। डोटासरा ना करते रहे। फिर पूर्व सीएम अशोक गहलोत व सीएम भजनलाल बीच बचाव में आये। कांग्रेस की तरफ से नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली व सत्ता पक्ष की तरफ से संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने खेद व्यक्त किया। विधायकों का निलंबन रद्द हुआ।
डोटासरा दिखे इससे नाखुश:
इस खेद प्रकट के मामले से गोविंद डोटासरा सहमत नहीं थे। वे नाखुश थे। बोले तो कुछ नहीं मगर निलंबन रद्द होने के बाद भी बचे हुए दिनों में विधानसभा में नहीं आये। इस सत्र के पहले दिन नही नहीं आये।
पहला दिन था महत्त्वपूर्ण:
कांग्रेस के लिए मानसून सत्र का पहला दिन महत्त्वपूर्ण था। इस दिन कांग्रेस विधायकों ने सदन तक मार्च निकाला। सबने राहुल जैसी सफेद टीशर्ट पहनी, महिला विधायको ने भी। जिस पर लिखा था - वोट चोर गद्दी छोड़।
कांग्रेस विधायक राहुल के इस अभियान के नारे लगाते हुए सदन में घुसे। अध्यक्ष के बारबार कहने के बाद भी नारे चलते रहे। तख्तियां लहराई जाती रही। सत्ता पक्ष भी नारेबाजी में उतर आया। अध्यक्ष की बात अनसुनी हुई। अध्यक्ष ने सदन बुधवार तक स्थगित कर दिया। इस पूरे प्रदर्शन में सचिन पायलट, टीकाराम जुली, हरीश चौधरी आदि तो थे। कमी खल रही थी तो डोटासरा की।
कल दिखे डोटासरा:
कल कांग्रेस विधायक दल की बैठक विधानसभा की रणनीति पर बातचीत के लिए हुई। इस बैठक में डोटासरा नजर आए। भाषण भी दिया। विधायको को सरकार को घेरने की रणनीति भी बताई। उससे ही यह सवाल फिर उठा कि क्या डोटासरा विधानसभा में आज आएंगे ?