एक ही शहर में 24 घन्टे के भीतर 161 लोगों को कुत्तों ने काटा, 11 साल की एक बच्ची है गंभीर हालत में
Aug 11, 2026, 12:17 IST
RNE Network.
महाराष्ट्र के कल्याण पश्चिम से आवारा कुत्तों के आतंक की बेहद चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। खडकपाड़ा के बिर्ला कॉलेज रोड स्थित संदीप होटल इलाके समेत कल्याण के कई हिस्सों में कुत्तों ने बड़ी संख्या में लोगों पर हमला किया है।
दावा है कि रविवार दोपहर से सोमवार दोपहर तक 161 से ज्यादा लोग डॉग बाइट का शिकार हुए। सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में खडकपाड़ा, बिर्ला कॉलेज रोड, पुराने आरटीओ कार्यालय के आसपास का क्षेत्र और भोईरवाड़ी शामिल हैं।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार कुत्ते राहगीरों, बाइक सवारों और रिक्शा चालकों के पीछे पीछे दौड़ते थे और मौका मिलते ही काट लेते थे। हमले में एक 11 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गयी। उसे बेहतर इलाज के लिए मुंबई के सायन स्थित लोकमान्य तिलक अस्पताल रेफर किया गया है।

