कोटा हॉस्टल की मेस में घुसा 4 फीट का मगरमच्छ, मची अफरा-तफरी
Jul 19, 2026, 08:58 IST
RNE Network.
राज्य के कोटा से एक अनोखी और डरावनी घटना सामने आई है। यहां बोरखेड़ा इलाके के एक हॉस्टल की मेस में करीब 4 फीट लम्बा मगरमच्छ घुस आया।
इसके बाद पूरे परिसर में अफरा - तफरी मच गई। मेस में खाना बना रहे कर्मचारियों की नजर जैसे ही मगरमच्छ पर पड़ी , वे जान बचाकर बाहर निकले। देखते ही देखते छात्रों की भीड़ जमा हो गयी और पूरे होस्टल में हड़कम्प मच गया।
छात्र और कर्मचारियों ने तुरन्त वन विभाग को खबर दी। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी एहतियात बरतते हुए मगरमच्छ को काबू में लिया और सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया। बाद में उसे उसके प्राकृतिक आवास चंबल नदी में छोड़ दिया।

